आईसीसी वुमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 12 जून से होने जा रहा है और इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया की कप्तान हरमनप्रीत कौर के सामने एक खास उपलब्धि हासिल करने का सुनहरा अवसर रहेगा। वह टी20 इंटरनेशनल (पुरुष और महिला दोनों मिलाकर) में 200 मैच खेलने वाली पहली खिलाड़ी बनने से चंद कदम दूर हैं।
हरमनप्रीत अपने करियर में अब तक कुल 197 मैच खेल चुकी हैं। यानी आगामी टी20 वर्ल्ड कप में अगर वह सिर्फ तीन और मुकाबले खेल लेती हैं तो यह रिकॉर्ड उनके नाम दर्ज हो जाएगा। खास बात यह है कि पुरुष या महिला किसी भी वर्ग में आज तक कोई भी खिलाड़ी यह मुकाम नहीं छू सका है।
वुमेंस टी20 इंटरनेशनल में सबसे अनुभवी खिलाड़ी कौन?
महिला टी20 इंटरनेशनल में सर्वाधिक मैच खेलने वाली खिलाड़ियों की सूची में हरमनप्रीत कौर के ठीक बाद दूसरे स्थान पर न्यूजीलैंड की दिग्गज बल्लेबाज सूजी बेट्स काबिज हैं। उन्होंने अब तक 183 मैच खेले हैं और इस दौरान उनके बल्ले से 4720 रन निकले हैं। तीसरे पायदान पर इंग्लैंड की डेनियल वॉट हैं, जिन्होंने 180 मुकाबलों में 3369 रन बनाए हैं। ऑस्ट्रेलिया की एलिस पेरी 174 मैचों के साथ चौथे और भारत की स्मृति मंधाना 166 मुकाबलों के साथ पांचवें स्थान पर हैं।
सबसे ज्यादा मैच खेलने वाली खिलाड़ियों की सूची
- हरमनप्रीत कौर- 197 मैच
- सूजी बेट्स- 183 मैच
- डेनियल वॉट- 180 मैच
- एलिस पेरी- 174 मैच
- स्मृति मंधाना- 166 मैच
करियर का 10वां टी20 वर्ल्ड कप खेलेंगी हरमन
हरमनप्रीत कौर साल 2009 से लेकर अब तक हर टी20 वर्ल्ड कप का हिस्सा रही हैं और यह उनके करियर का 10वां टी20 वर्ल्ड कप होगा। इस मेगा इवेंट में वह अब तक 39 मुकाबले खेल चुकी हैं, जिनमें 33 पारियों के दौरान उन्होंने 25.03 की औसत से 726 रन बटोरे हैं। टी20 वर्ल्ड कप में उनके नाम एक शतक भी दर्ज है और इस टूर्नामेंट में उनका सर्वोच्च स्कोर 103 रन रहा है।
इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में मिली हार
विश्व कप से ठीक पहले भारतीय महिला टीम ने हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली थी, जिसमें टीम इंडिया को 2-1 से शिकस्त झेलनी पड़ी। सीरीज के पहले मुकाबले में हरमनप्रीत को आराम दिया गया था। दूसरे मैच में वापसी करते हुए उन्होंने 26 रन बनाए, जबकि तीसरे टी20 में कप्तान ने नाबाद 56 रनों की पारी खेली, लेकिन इसके बावजूद टीम को हार का सामना करना पड़ा।
https://www.indiatv.in/sports/cricket/harmanpreet-kaur-has-the-chance-to-make-history-at-the-t20-world-cup-a-feat-even-virat-and-rohit-haven-t-achieved-yet-2026-06-05-1223152