दिल्ली के इन 6 बाजारों में शॉपिंग का प्लान? गलत जगह गाड़ी खड़ी की तो उठ जाएगी, फिर ढूंढ़ते रह जाएंगे

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और एमसीडी ने मिलकर छह प्रमुख बाजारों में अवैध पार्किंग के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाने का फैसला किया है, जहां नियम तोड़ने वालों के चालान कटेंगे और गाड़ियां टो कर दी जाएंगी।

अगर आप दिल्ली के किसी मशहूर बाजार में खरीदारी का मन बना रहे हैं, तो यह जानकारी आपके बहुत काम की साबित हो सकती है। ऐसी जगहों पर वाहन खड़ा करते समय अब पहले से कहीं ज्यादा सतर्कता बरतने की जरूरत है, वरना लौटकर आने पर हो सकता है कि आप अपनी गाड़ी ही तलाशते रह जाएं।

राजधानी के कई इलाकों में करोड़ों रुपये खर्च करके मल्टीलेवल पार्किंग तैयार की गई हैं, फिर भी बड़ी तादाद में लोग अपनी गाड़ियां सड़क किनारे और फुटपाथ पर ही खड़ी कर देते हैं। अब ऐसे ही वाहन चालकों पर शिकंजा कसने की तैयारी हो चुकी है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम (एमसीडी) ने इसके लिए संयुक्त अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। इस अभियान के तहत मल्टीलेवल पार्किंग के आसपास गैर-कानूनी ढंग से खड़े वाहनों पर खास नजर रखी जाएगी। नियम का उल्लंघन करने वालों का चालान काटा जाएगा और जरूरत पड़ने पर गाड़ी को टो करके भी हटा दिया जाएगा।

इन छह जगहों पर गाड़ी खड़ी करना पड़ सकता है भारी

एमसीडी के मुताबिक अभियान के पहले चरण में छह प्रमुख स्थानों को चिन्हित किया गया है। इनमें कमला नगर का स्पार्क मॉल क्षेत्र, ग्रेटर कैलाश-1 का एम-ब्लॉक मार्केट, हौज खास, कुतुब रोड, निजामुद्दीन बस्ती और परेड ग्राउंड इलाका शामिल हैं। इन सभी स्थानों पर पार्किंग की पर्याप्त सुविधा मौजूद है, इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग बाजार के एंट्री प्वाइंट्स, सर्विस लेन, मेन रोड और फुटपाथ पर ही गाड़ियां खड़ी कर देते हैं।

एक्शन में आई दिल्ली ट्रैफिक पुलिस

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि अवैध पार्किंग की वजह से यातायात व्यवस्था बुरी तरह गड़बड़ा जाती है। कई बार जाम की नौबत आ जाती है और एंबुलेंस तथा फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इतना ही नहीं, फुटपाथ पर कब्जा होने से पैदल चलने वालों के लिए भी यह बड़ी मुसीबत बन जाता है।

जागरूकता अभियान भी चलेगा साथ-साथ

एडिशनल सीपी (ट्रैफिक) विजयंता गोयल आर्य के अनुसार इन स्थानों पर पार्किंग की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध है, इसलिए लोगों को तय की गई पार्किंग का ही इस्तेमाल करना चाहिए। अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस और एमसीडी की टीमें जांच-पड़ताल करेंगी। इसके साथ ही बाजार एसोसिएशन, आरडब्ल्यूए और व्यापारियों के सहयोग से एक जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।

वाहन वापस पाने में करनी पड़ेगी मशक्कत

अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि नियम तोड़ने वालों के साथ किसी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी। अवैध पार्किंग करने पर चालान, व्हील क्लैंपिंग और वाहन टो करने जैसी सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे में अगर आप इन बाजारों में खरीदारी के लिए जा रहे हैं, तो गाड़ी सिर्फ अधिकृत पार्किंग में ही खड़ी करें। ऐसा न करने पर जुर्माने की मार आपकी जेब पर पड़ सकती है और वाहन वापस पाने के लिए अतिरिक्त परेशानी भी झेलनी पड़ सकती है।

https://hindi.news18.com/news/delhi/delhi-traffic-police-strict-action-on-illegal-parking-in-6-markets-challans-prepared-know-here-10541869.html