ईरान और अमेरिका के बीच चल रहा तनाव लगातार गहराता जा रहा है। एक तरफ जहां अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के साथ बातचीत की मेज पर आने को तैयार दिख रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ वे लगातार धमकियां भी दे रहे हैं। इसी बीच, ईरान के नए सर्वोच्च नेता मुज्तबा खामेनेई का एक बड़ा और बेहद कड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने अपने पिता और देश के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के बहाए गए बेगुनाह खून का बदला लेने की खुली कसम खाई है।
बदला लेना पूरे देश की इच्छा: मुज्तबा खामेनेई
अपने पिता के अंतिम संस्कार की रस्में पूरी होने के बाद राष्ट्र के नाम जारी अपने पहले संदेश में मुज्तबा खामेनेई काफी आक्रामक नजर आए। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि उनके पिता के बेगुनाह खून का बदला लेना केवल उनके परिवार का नहीं, बल्कि पूरे देश का संकल्प है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि "इसका बदला लेना हमारे देश की सामूहिक इच्छा है।"
इसके साथ ही नए सुप्रीम लीडर ने उन लाखों लोगों के प्रति गहरा आभार प्रकट किया जो उनके पिता को अंतिम विदाई देने के लिए उमड़े थे। उन्होंने इस विशाल जनसैलाब को ऐतिहासिक और "दुश्मन के हौसले पस्त करने वाली उपस्थिति" करार दिया।
युद्ध के शुरुआती दौर में हुआ था हमला
गौरतलब है कि पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत फरवरी के आखिर में शुरू हुए युद्ध के पहले ही दिन हो गई थी। अमेरिका और इजरायल द्वारा किए गए भीषण हवाई हमलों में उनकी जान चली गई थी। इस हमले में केवल अयातुल्ला ही नहीं, बल्कि उनके परिवार के कई अन्य सदस्य भी मारे गए थे। इस दर्दनाक घटना के बाद से ही पूरे ईरान में अमेरिका और इजरायल के खिलाफ आक्रोश भड़का हुआ है और लोग लगातार बदले की मांग कर रहे हैं।
https://www.indiatv.in/world/around-the-world/iran-supreme-leader-mujtaba-khamenei-pledges-revenge-of-father-innocent-blood-2026-07-11-1230601