एनडीए में शामिल होने की अटकलों पर सुप्रिया सुले का तंज, बोलीं- हमें कांग्रेस, बीजेपी, शिवसेना सबमें भेज दिया, अब केवल मनसे बची है

महाराष्ट्र में शरद पवार गुट की एनसीपी के एनडीए में शामिल होने या कांग्रेस में विलय की अफवाहों पर लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने करारा कटाक्ष किया है।

महाराष्ट्र की राजनीति में इन दिनों कयासों का बाजार बेहद गर्म है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद चंद्र पवार) के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में शामिल होने या फिर कांग्रेस के साथ विलय करने की अफवाहें लगातार उड़ रही हैं। इन सभी चर्चाओं पर अब शरद पवार की बेटी और लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। शनिवार को मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने बेहद मजाकिया और तंजिया अंदाज में इन अटकलों को खारिज कर दिया।

अब सिर्फ मनसे बची है

सुप्रिया सुले ने उड़ती हुई खबरों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि हमें कभी कांग्रेस, कभी बीजेपी तो कभी शिवसेना में भेज दिया जाता है, अब तो सिर्फ महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ही बची है। उन्होंने इस बात पर दुख जताया कि उनकी पार्टी के किसी भी सांसद या विधायक ने कोई ऐसा उल्टा-सीधा बयान नहीं दिया है, बल्कि यह सब बाहर के लोगों द्वारा फैलाया जा रहा है। सुले ने कहा कि वह कभी भी कांग्रेस के खिलाफ नहीं बोलती हैं और जितना कांग्रेस के अपने लोग उस पार्टी का बचाव नहीं करते होंगे, उतना वह खुद करती हैं।

पृथ्वीराज चव्हाण के बयान पर प्रतिक्रिया

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पृथ्वीराज चव्हाण द्वारा की गई टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए सुप्रिया सुले ने कहा कि यह चर्चाएं आज की नहीं हैं, बल्कि काफी समय से चल रही हैं। उन्होंने कहा कि वह अपने साथी दलों का पूरा सम्मान करती हैं और गरिमा के साथ अपनी बात रखती हैं। सुप्रिया सुले ने पृथ्वीराज चव्हाण को देश और राज्य का एक अत्यंत महत्वपूर्ण नेता बताया, लेकिन साथ ही उनके दावों को खारिज भी किया।

हमारे 8 सांसदों में से किसी ने मुलाकात नहीं की

सुप्रिया सुले ने स्पष्ट रूप से कहा कि उनके गुट के 8 सांसदों में से किसी ने भी पृथ्वीराज चव्हाण से मुलाकात नहीं की है। उन्होंने मीडिया से कहा कि आप हमारे किसी भी सांसद से इस बारे में सीधे बात करके पूछ सकते हैं। उन्होंने साफ किया कि पृथ्वी बाबा से उनके किसी भी सांसद की कोई मुलाकात नहीं हुई है, इसलिए इन दावों में कोई सच्चाई नहीं है।

https://www.indiatv.in/maharashtra/mp-supriya-sule-statement-on-speculations-of-ncp-sp-with-joining-the-nda-2026-07-11-1230590