पंजाब में मोरिंडा नगर परिषद चुनाव को लेकर सियासी बवाल, BJP ने AAP सरकार पर लगाया गुंडागर्दी और धांधली का आरोप

पंजाब के मोरिंडा नगर निकाय चुनाव में कथित अनियमितताओं को लेकर राजनीतिक पारा चढ़ गया है। BJP प्रदेश अध्यक्ष ने राज्यपाल से मुलाकात कर चुनाव को जबरन हाईजैक करने का आरोप लगाया है, वहीं कांग्रेस ने भी कोर्ट जाने का एलान किया है।

पंजाब के मोरिंडा नगर निकाय चुनाव के नतीजों को लेकर राज्य में सियासी घमासान छिड़ गया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर चुनावी प्रक्रिया में प्रशासनिक मशीनरी का दुरुपयोग करने और बड़े पैमाने पर धांधली करने का गंभीर आरोप लगाया है। BJP की पंजाब इकाई के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर शनिवार को पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की। उन्होंने राज्यपाल को एक ज्ञापन सौंपकर इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने की मांग की है। राजभवन में मुलाकात के बाद ढिल्लों ने मीडिया से कहा कि हाल ही में संपन्न हुए स्थानीय निकाय चुनाव में जिस स्तर पर अनियमितताएं और गड़बड़ियां की गई हैं, वैसी अराजकता पंजाब के 70 साल के इतिहास में पहले कभी नहीं देखी गई।

सरेआम चुनावी प्रक्रिया को हाईजैक करने का आरोप

BJP प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान लोकतंत्र की धज्जियां उड़ाई गईं। उन्होंने कहा कि जिन मतदान केंद्रों पर BJP के पास स्पष्ट बहुमत मौजूद था, वहां सरकार के इशारे पर बाहरी तत्वों को जबरन अंदर भेजा गया। इसके बाद केंद्रों के दरवाजे बंद कर दिए गए और मनमाने तरीके से सत्तापक्ष समर्थित उम्मीदवारों को विजेता घोषित कर दिया गया। केवल सिंह ढिल्लों के मुताबिक, इस पूरे चुनाव को दिनदहाड़े हाईजैक किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केवल मतदान के दिन ही नहीं, बल्कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान भी BJP उम्मीदवारों को जानबूझकर परेशान किया गया और उनके वैध नामांकन पत्रों को भी बिना किसी ठोस आधार के जबरन खारिज कर दिया गया।

गुटबाजी से जूझ रही कांग्रेस केवल सत्ता की भूखी: ढिल्लों

राज्यपाल से मिले सकारात्मक आश्वासन का जिक्र करते हुए ढिल्लों ने कहा कि उनकी पार्टी हमेशा जनता के अधिकारों के लिए सड़क से लेकर राजभवन तक आवाज उठाती रहेगी। इसके साथ ही उन्होंने विपक्षी दल कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस की राजनीति केवल सत्ता की कुर्सी के इर्द-गिर्द घूमती है। कांग्रेस के भीतर चल रहा घमासान सिर्फ मुख्यमंत्री पद को लेकर है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस गलतफहमी में जी रही है कि वह पंजाब की सत्ता में वापसी करेगी, जबकि राज्य की जनता आने वाले समय में BJP की सरकार बनाने का मन बना चुकी है। उन्होंने कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व पर हमला करते हुए कहा कि चाहे भूपेश बघेल 5 बार पंजाब आएं या 10 बार, उनकी पार्टी की आंतरिक कलह और गुटबाजी कभी खत्म नहीं होने वाली है और इसका कोई नतीजा नहीं निकलेगा।

पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने भी सरकार को घेरा

इस बीच, चुनावी धांधली के इन आरोपों को लेकर कांग्रेस भी सत्ता पक्ष के खिलाफ मोर्चा खोले हुए है। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने भी मोरिंडा नगर परिषद चुनाव में धांधली के बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। चन्नी का दावा है कि नगर परिषद की कुल 15 सीटों में से 12 सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवारों ने जीत हासिल की थी। इसके बावजूद स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने बल प्रयोग करते हुए कांग्रेस पार्षदों को मतदान करने से रोक दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक मर्यादाओं को ताक पर रखकर एक निर्दलीय उम्मीदवार को विजेता घोषित कर दिया गया। चन्नी ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह से दूषित किया गया है और कांग्रेस इस तानाशाही के खिलाफ चुप नहीं बैठेगी। पार्टी इस मामले को पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट में चुनौती देने जा रही है।

https://www.indiatv.in/punjab/punjab-politics-heats-up-as-bjp-alleges-aap-hijacked-morinda-municipal-election-2026-07-11-1230538