ओडिशा के बालेश्वर जिले से चोरी की एक बेहद सनसनीखेज और हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है। शनिवार के शुरुआती घंटों में अपराधियों ने चोरी की एक ऐसी अजीबोगरीब घटना को अंजाम दिया जिसे देखकर हर कोई दंग रह गया। खैरा थाना क्षेत्र के तुड़ीगड़िया बाजार में देर रात बदमाशों के एक गिरोह ने सुरक्षा व्यवस्था की धज्जियां उड़ाते हुए एक ATM मशीन को ही उखाड़ लिया। लुटेरे मशीन को एक काले रंग की थार गाड़ी से बांधकर सड़क पर घसीटते हुए ले गए और बाद में सारा कैश निकालकर फरार हो गए।
काले रंग की थार से पहुंचे थे पांच से अधिक लुटेरे
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह वारदात शनिवार तड़के करीब 2:00 बजे की है। शुरुआती जांच में पता चला है कि काले रंग की महिंद्रा थार गाड़ी में सवार होकर पांच से अधिक नकाबपोश बदमाश तुड़ीगड़िया बाजार पहुंचे थे। बदमाशों ने सबसे पहले ATM कियोस्क के पास अपनी गाड़ी खड़ी की। इसके बाद उन्होंने गाड़ी को मजबूत जंजीर या रस्सी के सहारे मशीन से बांध दिया। गाड़ी को तेजी से आगे बढ़ाकर पहले कियोस्क का दरवाजा तोड़ा गया और फिर भारी-भरकम ATM मशीन को जमीन से उखाड़ लिया गया।
CCTV फुटेज में कैद हुई पूरी वारदात
मशीन को उखाड़ने के बाद बदमाश उसे थार के पीछे बांधकर सड़क पर घसीटते हुए वहां से दूर ले गए। बताया जा रहा है कि लुटेरे इस मशीन को एक सुनसान इलाके में ले गए, जहां उन्होंने तोड़फोड़ कर उसके अंदर रखी सारी नकदी निकाल ली। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश क्षतिग्रस्त हो चुकी ATM मशीन को बीच सड़क पर ही लावारिस छोड़कर मौके से फरार हो गए।
यह पूरी वारदात पास में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि अपराधी किस तरह बेखौफ होकर ATM मशीन को गाड़ी से घसीटकर ले जा रहे हैं। पुलिस अब इस CCTV फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। हालांकि, इस वारदात में कुल कितने रुपये की चोरी हुई है, इसका सटीक आंकड़ा अभी सामने नहीं आ पाया है। पुलिस बैंक के अधिकारियों के साथ मिलकर मशीन में मौजूद कुल नकदी का हिसाब लगा रही है।
स्थानीय निवासियों में भारी रोष और दहशत
इस दुस्साहसिक वारदात के बाद तुड़ीगड़िया बाजार के लोगों में भारी दहशत और असुरक्षा का माहौल है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले कुछ महीनों में इस इलाके में चोरी और लूटपाट की कई घटनाएं हो चुकी हैं। निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में पुलिस की गश्त न के बराबर है, जिसके कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा किया जाए और रात के समय पुलिस गश्त नियमित रूप से बढ़ाई जाए।
मामला दर्ज कर जांच में जुटी खैरा पुलिस
चोरी की खबर मिलते ही खैरा थाने की पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर सड़क पर लावारिस छोड़ी गई ATM मशीन को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने इस मामले में शिकायत दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की टीमें आसपास के इलाकों में लगे सभी CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही हैं ताकि वारदात में इस्तेमाल की गई थार गाड़ी की पहचान की जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों का सुराग लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
https://www.indiatv.in/india/national/goons-comes-in-thar-and-dragged-atm-away-cctv-footage-surfaced-2026-07-11-1230536