कार्यालय में लोकायुक्त की बड़ी छापेमारी
आगर मालवा स्थित जिला आपूर्ति कार्यालय में लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। भ्रष्टाचार के मामले में कार्यालय के प्रभारी लेखापाल को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है। आरोपी बाबू द्वारा सेवा निवृत्त अधिकारी के बकाया भुगतान को जारी करने के लिए कुल डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। इस समय मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया चल रही है।
शिकायत के आधार पर बिछाया गया जाल
इस पूरे मामले की शुरुआत तब हुई जब रतलाम जिले के जावरा के रहने वाले विजय कुमार बोरसिया ने उज्जैन लोकायुक्त से इसकी लिखित शिकायत की। शिकायतकर्ता के पिता गोवर्धन लाल जिला आपूर्ति अधिकारी कार्यालय आगर से सेवानिवृत्त हुए हैं। विजय कुमार ने आरोप लगाया था कि उनके पिता की ग्रेच्युटी, बीमा और अवकाश नकदीकरण जैसी कुल 27 लाख रुपये की राशि जारी करने के एवज में कार्यालय में पदस्थ बाबू मनीष कुमार पंड्या द्वारा लगातार डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है।
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त निरीक्षक दीपक सेजवार ने मामले की जांच की, जिसमें रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए। इसके बाद पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के मार्गदर्शन और पुलिस उप महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया। गुरुवार को योजनाबद्ध तरीके से लोकायुक्त टीम ने आगर स्थित कार्यालय में छापा मारा और मनीष कुमार पंड्या को शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये की पहली किश्त लेते हुए रंगे हाथों धर दबोचा।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई
आरोपी मनीष कुमार पंड्या के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इस पूरी ट्रैप कार्रवाई में डीएसपी दिनेशचंद पटेल और निरीक्षक दीपक सेजवार सहित कुल 10 सदस्यों की टीम मौजूद रही। लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, आरोपी कार्यालय में सहायक ग्रेड-3 के पद पर है और प्रभारी लेखपाल के तौर पर कार्यरत था।
जांच में यह स्पष्ट हुआ कि शिकायतकर्ता ने आठ जुलाई को उज्जैन लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक से संपर्क किया था। सत्यापन के दौरान रिश्वत की मांग की पुष्टि होने पर शुक्रवार को विभाग ने यह कार्रवाई सुनिश्चित की। फिलहाल लोकायुक्त की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और कार्यालय के रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
https://www.indiatv.in/madhya-pradesh/food-and-supplies-department-clerk-arrested-in-agar-while-accepting-a-bribe-of-50000-rupees-2026-07-10-1230481