बंगाल की खाड़ी में गहराया संकट, 15 मछुआरों के साथ मछली पकड़ने वाली ट्रॉलर लापता

पश्चिम बंगाल के तट से समुद्र में गई 'मां काली' ट्रॉलर का संपर्क टूटने के बाद से 15 मछुआरे लापता हैं, जिनमें ओडिशा के भी तीन लोग शामिल हैं।

समुद्र में गायब हुई ट्रॉलर से हड़कंप

बंगाल की खाड़ी के गहरे पानी में एक गंभीर घटना सामने आई है, जहां मछली पकड़ने गई एक ट्रॉलर अचानक लापता हो गई है। इस ट्रॉलर पर कुल 15 मछुआरे सवार थे, जिनका अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। लापता होने वालों में ओडिशा के बालेश्वर जिले के निवासी भी शामिल हैं। मिली जानकारी के अनुसार, 'मां काली' नामक यह ट्रॉलर 2 जुलाई को पश्चिम बंगाल के शंकरपुर फिशिंग हार्बर से गहरे समुद्र की ओर रवाना हुई थी। बताया जा रहा है कि समुद्र में खराब मौसम और उफनती लहरों के बीच ट्रॉलर का संपर्क कट गया और वह तब से ही लापता है।

ट्रॉलर का संपर्क टूटने की वजह

ट्रॉलर के लापता होने के पीछे मुख्य कारण बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र माना जा रहा है। मौसम की इसी खराबी के चलते समुद्र में ऊंची लहरें उठने लगीं और स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई। इस दुर्घटना में जो 15 मछुआरे लापता हुए हैं, उनमें से 3 लोग ओडिशा के बालेश्वर जिले के भोगराई ब्लॉक के उलुदा गांव के रहने वाले हैं। इन मछुआरों की पहचान रबिंद्र माझी, जगन्नाथ माझी और जयराम माझी के तौर पर हुई है। ट्रॉलर पर सवार बाकी बचे 12 मछुआरे पश्चिम बंगाल के मूल निवासी बताए जा रहे हैं।

एसोसिएशन की प्रशासन से गुहार

घटना की जानकारी सामने आते ही दीघा फिशरमेन एंड फिश ट्रेडर्स एसोसिएशन ने स्थानीय पुलिस को सूचित किया। इसके बाद दीघा और मंदारमणि मरीन पुलिस ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। शंकरपूर फिशरमैन एंड फिश ट्रेलर्स एसोसिएशन के सेक्रेटरी स्वदेश नायक ने बताया कि 'मां काली' ट्रॉलर उनके एसोसिएशन से पंजीकृत है और 2 जुलाई 2026 को 15 मछुआरों के साथ समुद्र में गई थी। उन्होंने कहा कि उन्होंने सांसद सोमेंदो अधिकारी, विधायक चंद्रशेखर और संबंधित कोस्टल पुलिस थानों को इस घटना से अवगत करा दिया है। वे मांग कर रहे हैं कि मछुआरों को खोजने के लिए तत्काल प्रभाव से नौसेना और हेलीकॉप्टर की मदद ली जाए, क्योंकि उनके परिवार गहरे सदमे और चिंता में हैं।

सर्च ऑपरेशन और बचाव कार्य

लापता ट्रॉलर और उसमें सवार मछुआरों को खोजने के लिए बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि हेलीकॉप्टर की मदद से भी समुद्र के विशाल दायरे में तलाशी ली जा रही है ताकि जल्द से जल्द कोई सुराग मिल सके। हालांकि, प्रशासन के तमाम प्रयासों के बावजूद अभी तक किसी भी मछुआरे के सुरक्षित होने की पुष्टि नहीं हो सकी है। लापता मछुआरों के परिजन भी भारी तनाव और दुख में हैं, और उनकी निगाहें बचाव दल की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। पूरा प्रशासन इस मिशन को लेकर गंभीर है और लगातार समुद्र में तलाशी जारी है।

https://www.indiatv.in/india/national/fishing-trawler-goes-missing-in-the-bay-of-bengal-15-fishermen-from-odisha-and-west-bengal-missing-know-details-2026-07-10-1230339