मुंबई और छत्रपति संभाजीनगर में नकली दूध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, सैकड़ों लीटर मिलावटी दूध जब्त

महाराष्ट्र में मिलावटी दूध के कारोबार पर नकेल कसते हुए मुंबई और छत्रपति संभाजीनगर में अधिकारियों ने छापेमारी की है। इस दौरान बड़ी मात्रा में नकली दूध और उसे बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई है।

मुंबई के दहिसर में नकली दूध का भंडाफोड़

मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच की यूनिट-12 ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन और बृहन्मुंबई खाद्य सुरक्षा विभाग के साथ मिलकर एक बड़ी छापेमारी की है। दहिसर (पूर्व) के राजेश कंपाउंड स्थित दुबे चॉल नंबर-2 के कमरा बी-3 में नकली दूध तैयार करने वाले एक ठिकाने का पर्दाफाश हुआ है। इस संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के समय मौके से 470 लीटर मिलावटी दूध बरामद किया गया। यह गिरोह अमूल ताजा, अमूल गोल्ड, अमूल बफेलो और गोकुल जैसे नामी ब्रांडों के असली पैकेटों का इस्तेमाल कर लोगों को चूना लगा रहा था।

पुलिस ने छापेमारी के दौरान 327 खाली या नकली ब्रांडेड पैकेट भी जब्त किए हैं। इसके अलावा मौके से दूध के पैकेटों को दोबारा सील करने वाली मशीनरी और एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। कुल जब्त सामग्री की कीमत लगभग 39,750 रुपये आंकी गई है। वहीं, लगभग 29,750 रुपये की कीमत का मिलावटी दूध बरामद होते ही उसे नष्ट कर दिया गया।

दूध के पैकेटों में मिलाते थे गंदा पानी

जांच में सामने आया है कि आरोपी कंपनी के असली दूध के पैकेटों को काटकर पहले उसमें गंदा पानी मिलाता था। इसके बाद वह आग की मदद से पैकेटों को दोबारा सील कर देता था ताकि किसी को शक न हो। यह नकली दूध बाजार में असली बताकर बेचा जाता था। पुलिस का कहना है कि यह दूध विशेषकर बच्चों के स्वास्थ्य के लिए जानलेवा साबित हो सकता था। इस मामले में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और खाद्य सुरक्षा कानून की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वर्तमान में आरोपी पुलिस हिरासत में है और मुंबई क्राइम ब्रांच मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

छत्रपति संभाजीनगर में भी प्रशासन सख्त

मुंबई के अलावा छत्रपति संभाजीनगर जिले में भी मिलावटखोरों पर गाज गिरी है। फुलंब्री इलाके में स्थित सिद्धेश्वर दूध डेयरी, जो रेणुका पेट्रोल पंप के पास है, वहां खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने छापेमारी की। इस कार्रवाई में कुल 496 किलोग्राम गोवर्धन व्हे परमिएट पाउडर और म्लेकपोल व्हे परमिएट पाउडर जब्त किया गया है। अधिकारियों का संदेह है कि इस पाउडर का उपयोग करके नकली दूध तैयार किया जा रहा था। प्रशासन ने तुरंत प्रभाव से संबंधित दो प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। इस मामले में आगे की विस्तृत जांच जारी है और अधिकारियों द्वारा अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

https://www.indiatv.in/maharashtra/adulterated-milk-racket-busted-in-mumbai-and-chhatrapati-sambhajinagar-2026-07-10-1230307