ईरान और अमेरिका के बीच बढ़े तनाव का सरसों के बाजार पर असर, भाव में उछाल से किसान खुश

ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के चलते सरसों की कीमतों में तेजी दर्ज की गई है। अलवर जिले की खैरथल अनाज मंडी में सरसों का भाव अब 7700 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया है।

सरसों की कीमतों में जोरदार उछाल

ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनावपूर्ण स्थितियों ने वैश्विक बाजारों के साथ-साथ स्थानीय अनाज मंडियों को भी प्रभावित करना शुरू कर दिया है। इसका सीधा असर अलवर जिले के खैरथल-तिजारा क्षेत्र के किसानों के लिए सुखद बनकर सामने आया है। खैरथल अनाज मंडी में सरसों के दामों में आई तेजी से किसानों में काफी उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।

7700 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंचे भाव

व्यापारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंडी में 42 प्रतिशत लैब कंडीशन वाली सरसों के अधिकतम दाम 7700 रुपये प्रति क्विंटल तक दर्ज किए गए हैं। जानकारों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे भू-राजनीतिक संकट का असर खाद्य तेल बाजार पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है, जिसके कारण सरसों की मांग और कीमतों में लगातार मजबूती बनी हुई है।

8000 रुपये तक जा सकते हैं दाम

बाजार विशेषज्ञों का आकलन है कि यदि वैश्विक परिस्थितियां इसी तरह तनावपूर्ण बनी रहीं, तो आने वाले कुछ दिनों में सरसों की कीमतें 8000 रुपये प्रति क्विंटल के आंकड़े को भी छू सकती हैं। बेहतर मुनाफे की उम्मीद में जिन किसानों ने अब तक अपना स्टॉक सुरक्षित रखा था, वे अब धीरे-धीरे अपनी फसल लेकर मंडी पहुंच रहे हैं ताकि उन्हें फसल का अधिकतम मूल्य मिल सके।

https://hindi.news18.com/news/agriculture/mustard-prices-rise-amid-iran-us-tensions-bringing-cheer-to-farmers-know-mandi-rates-local18-10643856.html