राम मंदिर के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा, नकली रसीद बुक बरामद कर दानदाताओं से पैसे ऐंठते थे आरोपी

राम मंदिर के नाम पर नकली चंदा वसूलने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। आरोपियों के पास से श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की फर्जी रसीद बुक बरामद हुई हैं, जिनका इस्तेमाल वे श्रद्धालुओं को ठगने के लिए करते थे।

अयोध्या में राम मंदिर के नाम पर श्रद्धालुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की निशानदेही पर राम मंदिर के नाम पर तैयार की गई नकली और पुरानी चंदे की रसीद बुक बरामद की गई हैं। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया है कि वे न केवल चंदा चोरी करते थे, बल्कि फर्जी रसीद काटकर दानदाताओं से मोटी रकम भी ऐंठते थे।

ऐसे दिया जाता था ठगी को अंजाम

आरोपियों के पास से श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की पुरानी रसीद बुक बरामद हुई हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस गिरोह के सदस्य दान देने की इच्छा जताने वाले भोले-भाले लोगों को अपना शिकार बनाते थे। जब भी कोई श्रद्धालु मंदिर निर्माण में सहयोग के लिए दान देता था, तो ये लोग उन्हें असली दिखने वाली फर्जी रसीद सौंप देते थे ताकि किसी को उन पर रत्ती भर भी शक न हो।

इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

इस धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने कई आरोपियों को दबोचा है। शुरुआती जांच में ठगी के इस जाल में शामिल टिन्नू यादव, लव कुश, करुणेश और अनुकल्प समेत कई अन्य आरोपियों के नाम सामने आए हैं। इन सभी से सघन पूछताछ की जा रही है।

पुलिस कर रही है रसीदों का सत्यापन

पुलिस अब बरामद की गई सभी संदिग्ध रसीदों का बारीकी से मिलान और वेरिफिकेशन कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इन फर्जी रसीदों के जरिए आरोपियों ने अब तक कितने लोगों से ठगी की है और कितनी रकम इकट्ठा की है। मामले की गहराई से जांच जारी है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों का भी पता लगाया जा सके।

https://www.indiatv.in/uttar-pradesh/up-ram-mandir-donation-theft-scam-involving-fake-receipts-come-to-light-accused-extort-money-from-donors-2026-07-08-1229955