हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी को बड़ा राजनीतिक झटका उस वक्त लगा, जब पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्य संसदीय सचिव (CPS) नीरज भारती ने अपने पद से इस्तीफा सौंप दिया। उन्होंने अपना त्यागपत्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार और जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनुराग शर्मा को भेजा है।
भारती का यह कदम ऐसे समय सामने आया है, जब कुछ ही दिन पहले कांग्रेस पार्टी ने उन्हें सोशल मीडिया पर लगातार पार्टी और सरकार के विरुद्ध बयानबाजी करने को लेकर कारण बताओ नोटिस थमाया था। इस नोटिस के तुरंत बाद दिए गए इस्तीफे ने प्रदेश की सियासत में नई सरगर्मी पैदा कर दी है।
सरकार की कार्यशैली पर खड़े किए सवाल
अपने त्यागपत्र में नीरज भारती ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि बीते साढ़े तीन वर्षों में सरकार उन समर्पित और संघर्षशील कार्यकर्ताओं की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी, जिन्होंने मुश्किल हालात में पार्टी को दोबारा सत्ता तक पहुंचाने के लिए दिन-रात परिश्रम किया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि जमीन पर मेहनत करने वाले निष्ठावान कांग्रेस कार्यकर्ता खुद को उपेक्षित, अनसुना और हाशिए पर खड़ा महसूस कर रहे हैं। भारती के मुताबिक, पार्टी के प्रति समर्पण और निरंतर संघर्ष के बावजूद कार्यकर्ताओं को न तो उचित सम्मान मिल रहा है और न ही फैसलों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित हो पा रही है।
मुख्यमंत्री सुक्खू के खिलाफ खोला मोर्चा
इस्तीफा देने के बाद नीरज भारती ने सोशल मीडिया पर एक के बाद एक कई पोस्ट साझा कर मुख्यमंत्री सुक्खू समेत पूरे पार्टी नेतृत्व को घेरा। उन्होंने दावा किया कि बंद कमरों में उनकी बात को अनसुना कर दिया गया, इसी वजह से उन्हें अपनी बात सार्वजनिक मंच पर रखने के लिए विवश होना पड़ा। साथ ही उन्होंने यह भी साफ किया कि फिलहाल उनका किसी दूसरे राजनीतिक दल में जाने का कोई इरादा नहीं है।
कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार के पुत्र हैं नीरज भारती
यह प्रकरण राजनीतिक रूप से इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि नीरज भारती प्रदेश सरकार में कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार के बेटे हैं और स्वयं भी कांग्रेस सरकार में अहम जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। उनके इस्तीफे ने संगठन के भीतर पनप रहे असंतोष की चर्चाओं को और हवा दे दी है। अब हर किसी की निगाहें पार्टी हाईकमान और प्रदेश नेतृत्व के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।
https://www.indiatv.in/india/politics/himachal-minister-son-s-neeraj-bharti-resigns-as-state-congress-vice-president-and-controversial-posts-on-cm-sukhu-2026-06-05-1223132