बिहार में आने वाले 72 घंटे मौसम के लिहाज से बेहद चुनौतीपूर्ण साबित होने वाले हैं। इस समय राज्य में मौसम के दो बिल्कुल अलग-अलग मिजाज देखने को मिल रहे हैं। एक ओर उत्तर और पूर्वी बिहार में आंधी और बारिश को लेकर चेतावनी जारी है, तो दूसरी ओर दक्षिण बिहार के लोग चिलचिलाती गर्मी और लू की मार झेल रहे हैं। मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों में राज्य का तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ सकता है।
इन 12 जिलों में बारिश और वज्रपात का यलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार को बिहार के 12 जिलों के लिए बारिश का यलो अलर्ट घोषित किया है। इन क्षेत्रों में 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली यानी वज्रपात गिरने की आशंका जताई गई है।
जिन जिलों के प्रभावित होने की संभावना है, उनमें अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, सुपौल, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, बांका और जमुई शामिल हैं। इसके साथ ही 7 से 10 जून के बीच चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर और मधुबनी सहित कई जिलों में धूल भरी आंधी चलने का भी पूर्वानुमान है।
पटना समेत दक्षिण बिहार में भीषण लू
राज्य के दूसरे हिस्से में हालात बिल्कुल उलट हैं। बक्सर, भोजपुर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद और अरवल में भीषण लू चलने की आशंका है। 7 और 8 जून को यही स्थिति पटना, गया, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, लखीसराय और बेगूसराय तक फैल जाएगी, जहां तापमान 40 से 42 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।
राजधानी पटना में फिलहाल उमस भरी गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। शुक्रवार को यहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है।
बिहार में मानसून कब देगा दस्तक?
गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर यह है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून गुरुवार को केरल पहुंच चुका है। आमतौर पर केरल पहुंचने के 10 से 15 दिन बाद मानसून बिहार में प्रवेश करता है। इसकी मौजूदा रफ्तार को देखते हुए मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि बिहार में मानसून की एंट्री 15 से 20 जून के बीच हो सकती है।
https://hindi.news18.com/news/bihar/patna-bihar-weather-today-5-june-storms-rain-alert-in-12-districts-purnia-jamui-heatwave-in-areas-bihar-aaj-ka-mausam-local18-ws-l-10541300.html