मौसम अपडेट: दिल्ली से केरल तक झमाझम बारिश के आसार, 60 किमी रफ्तार की हवाएं; इन राज्यों में ओले गिरने की चेतावनी

मानसून केरल, लक्षद्वीप और दक्षिण के कुछ हिस्सों में दस्तक दे चुका है, जबकि दिल्ली से केरल तक कई राज्यों में बारिश, आंधी और बिजली कड़कने की संभावना है। उत्तराखंड, हिमाचल और पश्चिमी हिमालय के इलाकों में ओलावृष्टि का अलर्ट जारी हुआ है।

नई दिल्लीः देश में मानसून ने दस्तक दे दी है और इस हफ्ते दिल्ली से लेकर केरल तक कई राज्यों में बारिश की हलचल देखने को मिल सकती है। फिलहाल मानसून केरल, लक्षद्वीप के साथ-साथ कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों तक पहुंच चुका है। आने वाले दिनों में यह गोवा, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और पूर्वोत्तर के कई इलाकों को भी अपने दायरे में लेगा। मौसम विभाग का मानना है कि केरल, तटीय कर्नाटक और लक्षद्वीप में बारिश दर्ज की जाएगी।

पूर्वोत्तर में बदलेगा मौसम का मिजाज

पूर्वोत्तर के राज्यों में भी मौसम का रुख बदलने वाला है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अच्छी बारिश होने की उम्मीद जताई गई है। इनमें अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में लगातार कई दिनों तक मूसलाधार बारिश की आशंका है। इसके अलावा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी पूरे सप्ताह बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।

बारिश के साथ इन इलाकों में गिरेंगे ओले

उत्तराखंड में 5 जून को तेज बारिश होने के आसार हैं। इसके साथ ही मौसम विभाग ने उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और पश्चिमी हिमालय के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की चेतावनी दी है। उत्तर भारत में लोगों को आंधी-तूफान और तेज हवाओं का सामना करना पड़ सकता है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बिजली कड़कने तथा आंधी-तूफान आने की आशंका है। कुछ क्षेत्रों में हवाओं की रफ्तार 60 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 5 जून को पूर्वी मध्य प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 50-60 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। कुछ स्थानों पर तो हवाओं की गति 70 की रफ्तार तक भी पहुंच सकती है।

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे। सुबह से दोपहर के बीच हल्की बारिश के साथ बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40–50 किमी/घंटा तक रहने की उम्मीद है, जबकि कुछ जगहों पर 60 किमी/घंटा की गति से आंधी भी आ सकती है।

इन राज्यों में सताएगी गर्मी

मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में 6 से 8 जून तक लू चलने की आशंका है, वहीं उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी 7 जून से इसी तरह की भीषण गर्मी पड़ेगी। यह वह दौर है जब कुछ इलाकों में मानसून पहुंच जाता है, लेकिन बाकी जगहों पर गर्मी का असर बरकरार रहता है। विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, ओडिशा में छिटपुट बारिश के बावजूद गर्मी और उमस बनी रहेगी। तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और कुछ पूर्वोत्तर राज्यों के हिस्सों में भी ऐसे ही हालात रहने का अनुमान है।

https://www.indiatv.in/india/national/imd-weather-update-heavy-rain-with-storms-alert-from-delhi-to-kerala-across-many-state-of-india-2026-06-05-1223119