ऋषिकेश के तपोवन क्षेत्र में मौजूद सीक्रेट वॉटरफॉल के बारे में तो लगभग हर किसी ने सुना होगा, लेकिन इसके ठीक पास बना प्राकृतिक पूल इन दिनों यात्रियों और प्रकृति प्रेमियों की पसंदीदा जगह बन गया है। घने जंगलों के बीच छिपा यह स्थान किसी फिल्मी लोकेशन से कम नहीं लगता, जहां चारों ओर फैली हरियाली, बहता हुआ साफ पानी और शांत माहौल मिलकर एक अलग ही अनुभव कराते हैं।
सबसे खास बात यह है कि यह कोई मानव निर्मित संरचना नहीं, बल्कि पूरी तरह प्राकृतिक रूप से बना पूल है, जिसमें पानी सीधे पहाड़ों और झरनों से पहुंचता है। यही कारण है कि यहां आने वाले लोग इसे ‘नेचुरल स्पा’ जैसा अनुभव बताते हैं और कई पर्यटक इसे थकान मिटाने तथा मानसिक शांति पाने के लिए एक परफेक्ट डेस्टिनेशन मानते हैं।
पर्यटकों के अनुभव में झलकती है ताजगी
जयपुर से पहुंचे किशन ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि यह जगह वाकई बेहद शानदार है और यहां का पानी शरीर में एक अलग ही ताजगी भर देता है। उनके मुताबिक, लंबी यात्रा की थकान यहां के ठंडे और साफ पानी में उतरते ही पूरी तरह दूर हो जाती है और मन एकदम हल्का तथा फ्रेश महसूस करता है।
उन्होंने यह भी कहा कि यह स्थान सिर्फ घूमने भर के लिए नहीं है, बल्कि एक तरह का स्पिरिचुअल और रिलैक्सिंग एक्सपीरियंस भी देता है, जहां इंसान खुद को प्रकृति के और करीब महसूस करता है। कई लोग यहां कुछ दिन रुककर गंगा आरती, रिवर राफ्टिंग और ऋषिकेश की दूसरी गतिविधियों का भी लुत्फ उठाते हैं, जिससे उनकी पूरी यात्रा यादगार बन जाती है।
गंदगी से प्रभावित हो रही सुंदरता
हालांकि इस खूबसूरत जगह के साथ एक चिंता भी जुड़ी है, जिस पर ध्यान देना बेहद जरूरी है। कुछ पर्यटक यहां शराब की खाली बोतलें, सिगरेट के कैंस और प्लास्टिक कचरा छोड़ जा रहे हैं, जिससे इस प्राकृतिक स्थल की सुंदरता पर असर पड़ रहा है।
अगर यहां साफ-सफाई की उचित व्यवस्था हो और ऐसे स्पष्ट सूचना बोर्ड लगाए जाएं, जिन पर लिखा हो कि यह स्थान केवल स्नान और प्रकृति का आनंद लेने के लिए है तथा शोर-शराबे और नशे पर रोक है, तो यह जगह और भी बेहतर बन सकती है।
कैसे पहुंचें यहां
अगर आप भी ऋषिकेश घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो परिवार और दोस्तों के साथ इस सीक्रेट पूल का आनंद ले सकते हैं, जो पूरी तरह फ्री ऑफ कॉस्ट है। लोकेशन की बात करें तो यह सीक्रेट पूल ऋषिकेश के तपोवन से ठीक 2 km की दूरी पर स्थित है।
https://hindi.news18.com/news/uttarakhand/rishikesh-rishikesh-tapovan-secret-waterfall-natural-pool-hidden-gem-jungle-experience-local18-10541295.html