परीक्षाओं पर संकट
महाराष्ट्र के मुंबई, पुणे और मुंबई महानगर क्षेत्र में पिछले कई घंटों से जारी मूसलाधार बारिश और भूस्खलन ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हालात की गंभीरता को देखते हुए मुंबई यूनिवर्सिटी ने आज, 6 जुलाई को आयोजित होने वाली अपनी सभी परीक्षाएं रद्द करने का फैसला लिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, जिन विषयों की परीक्षाएं आज होनी थीं, उनमें एलएलएम, एमएससी और एम.कॉम शामिल हैं। इन परीक्षाओं की नई तारीखों की जानकारी जल्द ही साझा की जाएगी।
यातायात व्यवस्था पूरी तरह ठप
भारी बारिश के कारण केवल शैक्षणिक गतिविधियां ही प्रभावित नहीं हुई हैं, बल्कि परिवहन व्यवस्था भी बुरी तरह चरमरा गई है। भूस्खलन की घटनाओं और जलजमाव के कारण पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे और पुराने मुंबई-पुणे हाईवे पर वाहनों की आवाजाही को अगली सूचना तक के लिए पूरी तरह रोक दिया गया है। अधिकारी दोनों तरफ के रास्तों पर ट्रैफिक नहीं चलने दे रहे हैं।
नागरिकों के लिए चेतावनी
प्रशासन ने मुंबई और पुणे के बीच यात्रा करने वाले सभी यात्रियों और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे फिलहाल अपनी यात्रा को टाल दें और बहुत जरूरी न होने पर घरों से बाहर न निकलें। खराब मौसम और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए पुणे और मुंबई के बीच सफर करना फिलहाल सुरक्षित नहीं है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और सतर्क रहने के निर्देश जारी किए गए हैं।
https://www.indiatv.in/maharashtra/mumbai-university-exams-cancelled-travel-between-mumbai-and-pune-suspended-due-to-heavy-rains-and-landslides-2026-07-06-1229413