हरियाणा के फरीदाबाद में क्रेन पलटने से हुए दर्दनाक हादसे में अब तक 3 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि एक गंभीर रूप से घायल मजदूर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दरअसल, जेवर एक्सप्रेसवे पर जारी फ्लाईओवर निर्माण कार्य के दौरान एक भारी क्रेन अचानक गिर पड़ी और उसके नीचे कई मजदूर दब गए।
आखिर कैसे हुआ हादसा
यह क्रेन फ्लाईओवर के निर्माण कार्य में लगी हुई थी और गार्डर उठाने के दौरान अचानक अनियंत्रित होकर गिर गई। जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त मौके पर 7 मजदूर मौजूद थे, जिनमें से 4 मजदूर क्रेन के नीचे दब गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दबे हुए मजदूरों को बाहर निकाला गया।
मिली जानकारी के अनुसार, तेज बारिश के चलते निर्माण स्थल पर कीचड़ जमा हो गया था और इसी कीचड़ में क्रेन का संतुलन बिगड़ गया, जिससे यह हादसा हुआ।
SDRF की टीम ने निकाले 3 शव
SDRF के ASI अमरजीत सिंह ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार शाम को घटना की सूचना मिलते ही टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई थी।
उन्होंने कहा, "हमें मौके पर 4 पीड़ित मिले, जिनमें से एक के कंधे पर चोट लगी थी। हमने उन्हें सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। बाकी 3 मृतकों के शव भी बरामद कर लिए गए और उन्हें भी अस्पताल भेज दिया गया। इसके बाद कंटेनर को खाली करा दिया गया। अब वहां कोई अन्य व्यक्ति फंसा हुआ नहीं है।"
https://www.indiatv.in/haryana/three-workers-killed-as-heavy-crane-crumbles-at-faridabad-jewar-expressway-construction-site-2026-06-05-1223107