कमाई के बाद भी घर में नहीं टिकता पैसा? कहीं आप भी तो नहीं करते बाथरूम से जुड़ी यह बड़ी गलती

वास्तु शास्त्र के अनुसार, रात या दिन के समय बाथरूम का दरवाजा खुला छोड़ने से घर में धन की हानि होती है और आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ता है।

अक्सर लोग रात को सोने से पहले घर की सभी लाइटें तो बंद कर देते हैं, लेकिन अनजाने में बाथरूम का दरवाजा खुला ही छोड़ देते हैं। अगर आपके घर में भी लोग ऐसा करते हैं, तो वास्तु शास्त्र के नजरिए से इस आदत को तुरंत बदल लेने में ही भलाई है। फरीदाबाद के महंत कामेश्वरानंद वेदांताचार्य ने इस संबंध में कुछ बेहद महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की हैं। उनका कहना है कि बाथरूम की दिशा से लेकर उसके दरवाजे को खुला रखने तक की आदतें आपके घर की आर्थिक स्थिति को सीधे तौर पर प्रभावित करती हैं।

बाथरूम के लिए क्या है सही दिशा और नियम?

घर में सुख-समृद्धि बनी रहे, इसके लिए बाथरूम का सही दिशा में होना अत्यंत आवश्यक है। महंत कामेश्वरानंद वेदांताचार्य के अनुसार, घर के पश्चिम या फिर उत्तर दिशा के कोने में बाथरूम का निर्माण करवाना सबसे शुभ और फलदायी माना जाता है। इसके साथ ही, बाथरूम का उपयोग करते समय भी दिशाओं का विशेष ख्याल रखना चाहिए:

  • शौच के समय बैठते वक्त व्यक्ति का मुख हमेशा उत्तर या दक्षिण दिशा की तरफ होना चाहिए।
  • शौच के दौरान न तो आपका मुख पूरब दिशा की ओर होना चाहिए और न ही आपकी पीठ उस दिशा में होनी चाहिए।

बाथरूम का दरवाजा खुला रखने से क्यों होती है धन की बर्बादी?

महंत कामेश्वरानंद वेदांताचार्य बताते हैं कि वास्तु शास्त्र के अनुसार बाथरूम का संबंध सीधे तौर पर जल तत्व से होता है। हिंदू धर्म और वास्तु में जल तत्व का संबंध सीधे धन और वैभव से माना गया है। ऐसे में यदि आपके घर के बाथरूम का दरवाजा खुला रहता है, तो इससे नकारात्मक ऊर्जा फैलती है। परिणाम स्वरूप, घर में पैसा आता तो है, लेकिन वह कब और कहां फिजूल की चीजों में खर्च हो जाता है, इसका पता ही नहीं चलता। इसी वजह से आर्थिक तंगी बनी रहती है। इस समस्या से बचने के लिए दिन हो या रात, बाथरूम का दरवाजा हमेशा अनिवार्य रूप से बंद रखना चाहिए।

https://hindi.news18.com/astro/astro-tips-why-dangerous-leave-bathroom-door-open-at-night-local18-videos-10630818.html