हरियाणा के बहादुरगढ़ में सुरक्षाबलों को एक बड़ी कामयाबी मिली है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और हरियाणा STF की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के दौरान दो कुख्यात बदमाशों को ढेर कर दिया है। मारे गए दोनों आरोपी हांसी में हुए चर्चित जिम संचालक कपिल हत्याकांड में लंबे समय से फरार चल रहे थे।
जिम संचालक हत्याकांड से जुड़े थे तार
पुलिस के अनुसार, यह पूरा मामला हांसी सिटी थाने में दर्ज FIR नंबर 379/2026 से जुड़ा है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। कपिल की दिनदहाड़े हुई हत्या के बाद से ही पुलिस की कई टीमें इन आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थीं।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग से संबंध और इनाम
एनकाउंटर में मारे गए बदमाशों की पहचान प्रवेश और हिमांशु के रूप में की गई है। ये दोनों आरोपी हरियाणा के हिसार के रहने वाले थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों का संबंध कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से था। इनकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने 1-1 लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा था।
मुठभेड़ के दौरान पुलिसकर्मी भी घायल
सुरक्षा एजेंसियों को गुप्त सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी हथियारों से लैस होकर किसी नई बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और हरियाणा STF ने मिलकर घेराबंदी की। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इस गोलीबारी के दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
https://www.indiatv.in/haryana/haryana-bahadurgarh-two-murder-suspects-were-killed-in-an-encounter-2026-07-05-1229227