कुदरत का कहर इस समय देश के कई हिस्सों में साफ देखा जा सकता है। आसमान से बरसती आफत ने देश के कई राज्यों में भयंकर हाहाकार मचा दिया है। पूरब से लेकर पश्चिम तक और उत्तर से लेकर दक्षिण तक, मानसून की मूसलाधार बारिश लोगों के लिए काल बनकर बरस रही है। नदियां उफान पर हैं, कुछ जगहों पर सड़कें समंदर का रूप ले चुकी हैं और पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन ने लोगों की मुसीबतें कई गुना बढ़ा दी हैं। इस बीच, मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। आज महाराष्ट्र के अलावा गुजरात, राजस्थान, ओडिशा, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान जताया गया है। देश के ज्यादातर हिस्सों में गांव से लेकर शहरों तक, हर तरफ पानी का ही राज नजर आ रहा है।
मुंबई और आस-पास के इलाकों में जलभराव का खतरा, अलर्ट जारी
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों जैसे ठाणे, रायगढ़ और पालघर में बारिश का कहर लगातार जारी है। मौसम विभाग ने इन सभी इलाकों के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण सामान्य जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि आज शाम तक समंदर में हाई टाइड यानी बेहद ऊंची लहरें उठने की आशंका है। अगर हाई टाइड के दौरान ही तेज बारिश होती है, तो मुंबई के निचले इलाकों में गंभीर जलभराव हो सकता है। इसे देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और बहुत जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी है। फिलहाल, मुंबई में आफत की बारिश लगातार बरस रही है।
महाराष्ट्र के कई जिलों में बिगड़े हालात, प्रशासन अलर्ट पर
मुंबई में पिछले कई दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण बांधों का जलस्तर काफी बढ़ गया है और नदी-नाले उफान पर बह रहे हैं। निचले इलाकों की सड़कों पर कई फीट तक पानी जमा हो चुका है, जिसने स्थानीय प्रशासन और नगर निगम के दावों की पोल खोल दी है। पानी भरने की वजह से कई जगहों पर सड़क हादसे होने की भी खबरें हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने महानगरपालिका को बेहद मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आज मुंबई, पालघर, ठाणे और रायगढ़ के अलावा मध्य महाराष्ट्र के सतारा, पुणे और नासिक जिलों में भी मूसलाधार बारिश की पूरी संभावना है। शाम के करीब 4 बजे समंदर में हाई टाइड आने की उम्मीद है, जिसके दौरान लगभग 13 फीट ऊंची लहरें उठ सकती हैं।
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने की अपील, जारी किए हेल्पलाइन नंबर
महाराष्ट्र में बिगड़ते हालात को देखते हुए सीएम देवेंद्र फडणवीस भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आ रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर पुलिस और प्रशासन को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने आम जनता से सतर्क रहने की अपील की है। लोगों की त्वरित मदद के लिए सीएम फडणवीस ने कुछ महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर भी साझा किए हैं, जो इस प्रकार हैं:
- बृहन्मुंबई नगर निगम हेल्पलाइन नंबर: 1916
- पालघर हेल्पलाइन नंबर: 02525 297474, +91 82379 78873
- ठाणे नगर निगम हेल्पलाइन नंबर: 022-25364779, 0222530 1740, 91 93723 38827
- ठाणे, आपदा प्रबंधन सेल: 1800-222-108/8657887101
- पनवेल नगर निगम हेल्पलाइन नंबर: 02227458040/41/42
गुजरात में बाढ़ जैसे हालात, नेशनल हाईवे बंद
महाराष्ट्र के पड़ोसी राज्य गुजरात में भी हालात बेहद नाजुक बने हुए हैं। राज्य के अधिकांश इलाके पानी में पूरी तरह डूब चुके हैं। नवसारी जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण सड़कों पर कमर तक पानी भर गया है। नवसारी के गांधीनगर फलिया इलाके में स्थिति इतनी विकराल है कि 30 से ज्यादा घर पानी में डूब गए हैं। घरों के भीतर रखा सामान तैरता हुआ नजर आ रहा है, जिससे लोगों का भारी नुकसान हुआ है और लोग कमर तक भरे पानी के बीच से आने-जाने को मजबूर हैं। पानी के अत्यधिक भराव के कारण नेशनल हाईवे नंबर 48 को बंद करना पड़ा है, जिससे वाहनों का आवागमन ठप हो गया है। नवसारी के अलावा राजकोट के धोराजी क्षेत्र में भी भारी जलभराव देखा गया है। शहर की सड़कें नदियों में तब्दील हो गई हैं और जलभराव के चलते कई गाड़ियां बीच रास्ते में ही बंद पड़ गईं। उधर डांग जिले में भारी बारिश के चलते वाघई में स्थित प्रसिद्ध झरने का जलस्तर अचानक बहुत बढ़ गया है, जबकि गिर सोमनाथ जिले में भी मूसलाधार बारिश के बाद शहर के कई इलाके जलमग्न हो गए हैं।
उत्तर प्रदेश के मथुरा में खुली तैयारियों की पोल
उत्तर प्रदेश के धार्मिक नगरी मथुरा में महज एक घंटे की बारिश ने ही नगर निगम और जिला प्रशासन की तैयारियों की हवा निकाल दी। मानसून की पहली ही तेज बारिश ने पूरे शहर को पानी-पानी कर दिया। बारिश का बहाव इतना तेज था कि सड़कों पर कई दोपहिया वाहन जैसे स्कूटी और अन्य सामान बहते नजर आए। सड़कों पर हुए इस भारी जलभराव की वजह से स्थानीय निवासियों के साथ-साथ दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पानी भरने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और लोगों को गंदे व बदबूदार पानी के बीच से गुजरना पड़ा, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
मध्य प्रदेश में उफनती नदी के तेज बहाव में बही कार
मध्य प्रदेश में भी मानसून का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है। राज्य के डिंडौरी जिले के शहपुरा क्षेत्र में बारिश के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते बचा। यहां उफान पर बह रही कसा नदी को पार करने की कोशिश में एक कार पानी के तेज बहाव में बह गई। गनीमत यह रही कि कार में सवार तीनों लोग समय रहते कार से बाहर निकलने में सफल रहे और तैरकर सुरक्षित किनारे पर आ गए, जिससे उनकी जान बच गई। इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने लोगों से लगातार अपील की है कि वे भारी बारिश के दौरान उफनते नदी-नालों, पुलों और पुलियों को पार करने का जोखिम कतई न उठाएं।
राजस्थान के जयपुर में अस्पताल के भीतर घुसा पानी
राजस्थान में भी बारिश ने प्रशासनिक दावों की पोल खोल दी है। जयपुर के प्रसिद्ध एसएमएस अस्पताल में तेज बारिश के बाद ट्रॉमा सेंटर के निचले हिस्से में पानी भर गया, जिसके चलते अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं कुछ समय के लिए प्रभावित हुईं। इमरजेंसी वार्ड, आईसीयू और एक्स-रे रूम के आस-पास भारी जलभराव होने से मरीजों और उनके परिजनों को बेहद मुश्किलों का सामना करना पड़ा। देश के अलग-अलग हिस्सों में मूसलाधार बारिश ने आफत मचा रखी है और मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी रखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
https://www.indiatv.in/india/national/rain-across-several-states-in-country-flood-like-conditions-in-many-cities-2026-07-04-1229084