मध्य प्रदेश और गुजरात में एटीएस का बड़ा प्रहार
गुजरात एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड यानी एटीएस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े आठ संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। इस ऑपरेशन के तहत मध्य प्रदेश के देवास से एक युवक को हिरासत में लिया गया है। देवास के नाहर दरवाजा क्षेत्र स्थित गफूर बस्ती में हुई इस छापेमारी ने पूरे इलाके में हलचल मचा दी है। एजेंसी के अनुसार, गिरफ्तार युवक की पहचान 18 वर्षीय बिलाल दुरानी के रूप में हुई है, जिसे मोहम्मद अमर घाघा के नाम से भी जाना जाता है। जांच में सामने आया है कि इस युवक के तार अबू दुजाना और अबू सूफियान जैसे नामों से भी जुड़े हैं।
आतंकी मॉड्यूल और पाकिस्तान से कनेक्शन
एटीएस की जांच से यह खुलासा हुआ है कि पकड़ा गया युवक प्रतिबंधित संगठन जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी नेटवर्क को सक्रिय करने में जुटा था। गुजरात एटीएस ने यह कार्रवाई एक साथ कई राज्यों और जिलों में की है। जानकारी के मुताबिक, कुल आठ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, जिनमें मध्य प्रदेश के देवास के अलावा गुजरात के बनासकांठा, मेहसाणा, पाटन और नवसारी जैसे जिले शामिल हैं। ये सभी आरोपी पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स अब्दुल्ला और मोहम्मद उमर के सीधे संपर्क में थे। इन संदिग्धों ने दारुल इस्लाम गुजरात जैश-ए-मोहम्मद नाम का एक संगठन खड़ा करने की कोशिश की थी, जिसका मकसद नए युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा से जोड़कर संगठन का विस्तार करना था। इस आतंकी मॉड्यूल को पाकिस्तान से करीब 3 लाख रुपए की फंडिंग भी प्राप्त हुई थी, जिसका इस्तेमाल उन्होंने एक पुरानी कार खरीदने के लिए किया था।
भारी मात्रा में मिला कट्टरपंथी साहित्य
छापेमारी के दौरान एटीएस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एक आरोपी के मोबाइल से 254 जिहादी दस्तावेज, आपत्तिजनक ऑडियो-वीडियो और कई संदिग्ध तस्वीरें बरामद की गई हैं। तलाशी के दौरान टीम को जैश-ए-मोहम्मद का झंडा, मसूद अजहर की लिखी किताबें और उर्दू भाषा में लिखे कई पत्र मिले हैं। आरोपी इन सामग्रियों का गुजराती भाषा में अनुवाद कर रहे थे ताकि स्थानीय स्तर पर अपनी कट्टरपंथी विचारधारा का प्रसार कर सकें। देवास पुलिस ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि गुजरात एटीएस की टीम स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर इस संदिग्ध की तलाश में आई थी।
गिरफ्तार किए गए सभी आठ संदिग्धों की सूची
गुजरात एटीएस द्वारा पकड़े गए आठ संदिग्ध आतंकियों के नाम इस प्रकार हैं:
- अहमद अब्दुल्ला गाजी वाला उर्फ अबू जुबेदा (19 साल)
- इब्राहिम मोहम्मद हुसैन गागा उर्फ अबू हमजा (30 साल)
- मुदस्सिर अब्दुल्ला गाजी वाला उर्फ अबू आया (22 साल)
- जकारिया दुर्रानी उर्फ मोहम्मद अम्मार (21 साल)
- मुफ्ती फैजान उस्मान उर्फ मुफ्ती साहब (40 साल)
- मोहम्मद अमीन शेरा उर्फ अमीन पालनपुरी (21 साल)
- अब्दुल रहमान शादी उर्फ अबू अनीशा (21 साल)
- बिलाल दुर्रानी उर्फ अबू जिंदाल या अबू दुजाना (18-21 साल)
https://hindi.news18.com/news/madhya-pradesh/bhopal-jaish-e-mohammad-terrorist-arrested-receiving-funding-from-pakistan-major-plot-uncovered-local18-10626283.html