मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में नशीली और अवैध कफ सिरप के कारोबार के खिलाफ एसटीएफ ने शिकंजा कसना और तेज कर दिया है। इसी कड़ी में जांच एजेंसी ने बालकिशन प्रजापति नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने मंडीदीप में डमी फर्म खड़ी कर अन्य आरोपियों की मदद की थी। इस पूरे मामले में अब तक 11 आरोपी पकड़े जा चुके हैं। बीते दिनों पुलिस ने गांधीनगर और मुबारकपुर से करीब 2 करोड़ रुपए की अवैध कफ सिरप जब्त की थी।
डमी फर्म के सहारे चल रहा था कारोबार
एसटीएफ के मुताबिक नकली कफ सिरप का अवैध धंधा चलाने वाली फर्म का प्रोपराइटर बालकिशन प्रजापति ही है। यह डमी फर्म 'विंग्स लाइफ रेमेडीज' के नाम से तैयार की गई थी और बालकिशन इसे पिछले एक साल से संचालित कर रहा था। बताया जा रहा है कि उसने फर्जी तरीके से ड्रग लाइसेंस हासिल किया और फिर मंडीदीप में किराए की एक दुकान पर विंग्स लाइफ रेमेडीज का बोर्ड टांग दिया। फर्म के पते का इस्तेमाल असल में सिर्फ 'ऑफ-कफ' सिरप की डिलीवरी लेने के लिए किया जाता था।
तीन दिन की पुलिस रिमांड पर आरोपी
एसटीएफ ने आरोपी बालकिशन को 3 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है। पूछताछ के दौरान उससे नेटवर्क और वित्तीय लेनदेन को लेकर सवाल किए जा रहे हैं, जिनमें कई बड़े नामों के सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने 2018 से 2022 के बीच 'दिव्यांश ट्रेडर्स' के नाम से भी एक डमी फार्मास्युटिकल फर्म बनाई थी और इसी के जरिए अवैध गतिविधियों को अंजाम दिया जाता रहा।
75 हजार से ज्यादा बोतलें जब्त
नकली कफ सिरप बनाने में इस्तेमाल होने वाली मशीनों को एसटीएफ अपने दफ्तर ले आई है। 'ऑफ-कफ' नाम की नकली सिरप तैयार करने में काम आने वाला रॉ मटेरियल, खाली बोतलें, दूसरी कंपनियों के रैप व पैकेजिंग और मिक्सिंग प्लांट सब कुछ जब्त किया गया है। इससे पहले भोपाल के गांधीनगर और मुबारकपुर में एसटीएफ ने 75000 से ज्यादा अवैध कफ सिरप की बोतलें जब्त की थीं। बताया जा रहा है कि तीन नाबालिगों समेत 11 आरोपी फिलहाल एसटीएफ की गिरफ्त में हैं। यह नकली और अवैध कफ सिरप राजधानी भोपाल के अलावा महाकौशल, ग्वालियर-चंबल और विंध्य क्षेत्र में भी सप्लाई की जाती थी। इस मामले में एसटीएफ बालकृष्ण प्रजापति नाम के एक अन्य मास्टरमाइंड को भी गिरफ्तार कर चुकी है।
फरार मास्टरमाइंड पर इनाम घोषित
कफ सिरप मामले में एसटीएफ के एडीजी ने फरार चल रहे तीन मास्टरमाइंड पर इनाम का ऐलान किया है। इन आरोपियों की गिरफ्तारी पर पुलिस ने 30000 रुपए का इनाम रखा है। एसटीएफ के एसपी राजेश सिंह भदौरिया ने बताया कि अर्जुन मालवीय उर्फ निखिल, नितिन साहू उर्फ राहुल और सलमान खान उर्फ बाबू भाई अभी फरार हैं। ये लोग ग्रामीण इलाकों में अवैध कफ सिरप की खपत कराते थे।
https://hindi.news18.com/news/madhya-pradesh/bhopal-dummy-firm-created-for-illegal-cough-syrup-license-fraudulently-stf-apprehends-accused-10541145.html