भोजन के फौरन बाद पानी—फायदेमंद या हानिकारक? जानिए आयुर्वेद का नजरिया

खाने के तुरंत बाद पानी पीने को लेकर लोगों में कई भ्रांतियां हैं। आयुर्वेद के मुताबिक भोजन के तुरंत बाद ज्यादा पानी पाचन को कमजोर कर सकता है, इसलिए सही समय और मात्रा का ध्यान रखना जरूरी है।

खाना खत्म करने के बाद पानी पीना ज्यादातर लोगों की आदत है। कोई एक-दो घूंट से काम चला लेता है, तो कई लोग पूरा गिलास पानी एक साथ पी जाते हैं। सेहत के जानकारों का कहना है कि भोजन से पहले पानी पीना शरीर के लिए ज्यादा लाभकारी होता है, क्योंकि इससे कैलोरी को काबू में रखने में मदद मिलती है। लेकिन भोजन के तुरंत बाद पानी पीने को लेकर राय बंटी हुई है—कुछ इसे पाचन के लिए नुकसानदेह मानते हैं तो कुछ के लिए यह आम बात है। ऐसे में सवाल उठता है कि इस विषय पर आयुर्वेद का क्या कहना है और क्या वाकई खाने के फौरन बाद पानी पीना नुकसान पहुंचाता है।

आयुर्वेद का क्या मानना है?

आयुर्वेदाचार्य के अनुसार हमारे शरीर में मौजूद जठराग्नि यानी पाचन अग्नि भोजन को पचाने का काम करती है। खाने के तुरंत बाद बहुत ज्यादा पानी पी लेने से यह अग्नि कमजोर पड़ सकती है, जिससे पाचन की पूरी प्रक्रिया प्रभावित होती है। खासकर भोजन के तुरंत बाद बहुत ठंडा पानी पीने से बचना चाहिए, क्योंकि इससे पेट में भारीपन, गैस और अपच जैसी दिक्कतें पैदा हो सकती हैं।

हालांकि अगर कोई व्यक्ति भोजन से पहले पानी पीता है तो आयुर्वेद इसे बेहद फायदेमंद बताता है। इतना ही नहीं, खाना खाने के बीच में पानी पीना भी लाभकारी माना गया है। भोजन के बाद एक-दो घूंट पानी पी लेना ठीक है, मगर ज्यादा मात्रा में पानी पीने से पाचन धीमा पड़ सकता है।

खाने के कितनी देर बाद पिएं पानी?

आयुर्वेदाचार्य के मुताबिक भोजन के करीब 30 मिनट बाद पानी पीना सबसे फायदेमंद रहता है। इससे पाचन तंत्र को अपना काम पूरा करने का पर्याप्त समय मिल जाता है। शरीर के लिए गुनगुना या सामान्य तापमान वाला पानी ज्यादा अनुकूल माना जाता है, क्योंकि यह पाचन को बेहतर बना सकता है।

एक बार में बहुत अधिक पानी पीने से कुछ लोगों को पेट फूलने, भारीपन या असहजता का अनुभव हो सकता है, इसलिए थोड़ा-थोड़ा करके पानी पीना बेहतर रहता है। गर्मी के इस मौसम में शरीर की जरूरत और प्यास के हिसाब से ही पानी का सेवन करना चाहिए।

आधुनिक विज्ञान की राय

मॉडर्न साइंस के अनुसार खाने के तुरंत बाद पानी पीना आम तौर पर नुकसानदेह नहीं होता। वैज्ञानिक अध्ययनों में अब तक ऐसा कोई पुख्ता प्रमाण नहीं मिला है कि भोजन के बाद पानी पीने से पाचक रस कमजोर हो जाते हैं या भोजन ठीक से नहीं पचता। इसके उलट पानी भोजन को नरम बनाने, उसे पेट से आंतों तक पहुंचाने और पोषक तत्वों के अवशोषण में मददगार साबित होता है। हां, एक बार में बहुत ज्यादा मात्रा में पानी पी लेने से कुछ लोगों को परेशानी जरूर महसूस हो सकती है।

https://hindi.news18.com/news/lifestyle/health-is-drinking-water-right-after-meals-good-or-bad-what-ayurveda-really-says-expert-reveals-10540659.html