कहा जाता है कि अगर मन में हौसला और जुनून हो तो इंसान किसी भी काम को आसानी से कर सकता है। इसी बात को सच कर दिखाया है सुल्तानपुर के किसान रवि कुमार वर्मा ने, जिन्होंने 12वीं के बाद पढ़ाई भले ही छोड़ दी, लेकिन खेती में ऐसी मेहनत और लगन दिखाई कि आज एक सफल किसान के रूप में उनकी पहचान बन गई है। मेहनत, लगन और सही तकनीक के दम पर उन्होंने यह साबित कर दिया कि खेती को भी लाभ का बड़ा जरिया बनाया जा सकता है।
10 साल से कर रहे हैं सब्जियों की खेती
सुल्तानपुर के दुबेपुर ब्लॉक की डिहवा ग्राम सभा के रहने वाले रवि कुमार वर्मा बीते 10 वर्षों से अधिक समय से सब्जियों की खेती कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने खेती में वैज्ञानिक उपकरणों का इस्तेमाल किया है। कृषि विज्ञान केंद्र और कृषि वैज्ञानिकों की सलाह से वे वैज्ञानिक तरीके से सब्जी की खेती करते हैं, जिसकी वजह से उन्हें न सिर्फ अच्छा मुनाफा मिल रहा है, बल्कि समाज में अलग पहचान भी मिली है।
उपमुख्यमंत्री से मिला सम्मान
सब्जियों की वैज्ञानिक और आधुनिक खेती ने रवि कुमार को एक सफल किसान के रूप में समाज के सामने प्रस्तुत किया है। यही कारण है कि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी उन्हें सम्मानित कर चुके हैं। 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद रवि का पढ़ाई से नाता टूट गया था और वे सब्जी की खेती में जुट गए, जहां उन्हें सफलता मिली।
मचान विधि से करेले की खेती
रवि बताते हैं कि वे पिछले 10 सालों से सब्जी की खेती कर रहे हैं, जिसमें करेला, बैंगन और भिंडी जैसी सब्जियां शामिल हैं। इस समय गर्मी के मौसम में उन्होंने लगभग 10 बिस्वा क्षेत्रफल वाले खेत में करेले की खेती की है, और इसके लिए मचान विधि अपनाई है। इस खेती से उन्हें अच्छी कमाई हो रही है।
आधुनिक तकनीक से बढ़ता मुनाफा
रवि कुमार वर्मा का मानना है कि अगर कृषि के क्षेत्र में वैज्ञानिकता और आधुनिकता को शामिल किया जाए, तो करेले जैसी फसलों की खेती से निश्चित रूप से अच्छा लाभ कमाया जा सकता है। उनकी यह कहानी उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो खेती को कमजोर विकल्प मानते हैं।
https://hindi.news18.com/photogallery/business/success-story-sultanpur-farmer-ravi-verma-bitter-gourd-farming-success-story-local18-10540983.html