3 जुलाई 2026 का दिन धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण और पवित्र संयोग लेकर आया है। आज से सनातन धर्म की सबसे पावन यात्राओं में से एक, अमरनाथ यात्रा का भव्य शुभारंभ हो रहा है। इसके साथ ही आज शुक्रवार का दिन है, जो धन की देवी माता लक्ष्मी की आराधना के लिए विशेष माना जाता है। आज के दिन कई शुभ योग भी बन रहे हैं, जिससे इस दिन का महत्व और अधिक बढ़ गया है।
अमरनाथ यात्रा की शुरुआत
भोलेनाथ के भक्तों के लिए आज का दिन बेहद खास है क्योंकि आज से बाबा बर्फानी की पवित्र यात्रा शुरू हो रही है। यह यात्रा 28 अगस्त तक चलेगी। श्रद्धालु दो मुख्य मार्गों, पहलगाम और बालटाल के रास्ते बाबा अमरनाथ के दर्शन के लिए प्रस्थान करेंगे। आज के दिन से ही चारों ओर बम-बम भोले के जयकारे गूंजने लगे हैं।
आज के शुभ योग और पंचांग की गणना
पंचांग के अनुसार, आज आषाढ़ मास के कृष्ण पक्ष की तृतीया तिथि है। आज श्रवण नक्षत्र, विष्टि करण और विष्कम्भ योग का प्रभाव रहेगा। आज चंद्रमा मकर राशि में संचार करेंगे। दिशाशूल की बात करें, तो आज पश्चिम दिशा में यात्रा करने से बचना चाहिए क्योंकि आज पश्चिम का दिशाशूल है।
आज सुबह 05:28 ए एम से ही सर्वार्थ सिद्धि योग का निर्माण हो रहा है, जो कार्यों में सफलता दिलाने वाला माना जाता है। वहीं, आज पाताल लोक की भद्रा भी है, जो सुबह 05:28 ए एम से लेकर 11:20 ए एम तक रहेगी। शास्त्रानुसार, पाताल की भद्रा का पृथ्वी लोक पर कोई भी अशुभ प्रभाव नहीं पड़ता है। आज देर रात 12:48 ए एम से पंचक का आरंभ हो रहा है, जो अगले 5 दिनों तक जारी रहेगा।
शुक्रवार व्रत और लक्ष्मी पूजा विधि
आज शुक्रवार का व्रत रखने वाले जातकों को दिनभर फलाहार पर रहना चाहिए। शाम को सूर्यास्त के बाद प्रदोष काल में माता लक्ष्मी की पूरे विधि-विधान से पूजा-आराधना करनी चाहिए। इस दौरान माता लक्ष्मी को प्रसन्न करने के लिए निम्नलिखित उपाय किए जा सकते हैं:
- देवी लक्ष्मी को खीर या दूध से बनी सफेद रंग की मिठाई का भोग लगाएं।
- पूजा के समय श्री लक्ष्मी चालीसा का पाठ करें और शुक्रवार व्रत की कथा अवश्य सुनें।
- जीवन में धन, ऐश्वर्य और सुख-समृद्धि की प्राप्ति के लिए आज श्री सूक्त या कनकधारा स्तोत्र का पाठ करना अत्यंत लाभकारी माना जाता है।
- यदि आपकी कुंडली में शुक्र ग्रह कमजोर है या शुक्र दोष है, तो आज के दिन सफेद वस्तुएं जैसे दूध, सफेद वस्त्र और इत्र आदि का दान करना चाहिए।
https://hindi.news18.com/news/dharm/aaj-ka-panchang-3-july-2026-ashadha-krishna-tritiya-amarnath-yatra-start-shukrawar-vrat-kaxmi-puja-muhurat-disha-shool-rahu-kaal-10621618.html