टीवी अभिनेत्री हिना खान ने सोशल मीडिया पर एक नोट साझा कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से अपील की है कि अपना अपराध स्वीकार कर चुके कैदियों को रिहा कर दिया जाए। उनका यह बयान अभिनेत्री शिल्पा शिंदे को लेकर चल रहे विवाद के बीच सामने आया है।
शिल्पा शिंदे के कबूलनामे से मचा हड़कंप
अभिनेत्री शिल्पा शिंदे अपने एक चौंकाने वाले कबूलनामे के बाद से सुर्खियों में बनी हुई हैं और उन्होंने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा है। उन्होंने यह खुलासा किया था कि साल 2016 में उन्होंने 'भाबीजी घर पर हैं' के प्रोड्यूसर संजय कोहली पर यौन उत्पीड़न के झूठे आरोप लगाए थे। इस स्वीकारोक्ति के बाद मनोरंजन जगत और सोशल मीडिया पर हलचल मच गई और शिल्पा खुद विवादों के घेरे में आ गईं।
हिना और शिल्पा के बीच ठनी
बाकी लोगों की तरह हिना खान ने भी इस मामले पर अपनी राय जाहिर की, लेकिन यह बात शिल्पा को रास नहीं आई। शिल्पा ने हिना की बीमारी को लेकर टिप्पणी करते हुए उन्हें चुप रहने की सलाह दे डाली। इसी बात से नाराज होकर 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' की अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर नोट लिखकर पीएम मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू से विशेष अपील की।
हिना खान ने नोट में क्या लिखा
अपने नोट में अभिनेत्री ने लिखा- 'भारत के माननीय प्रधानमंत्री, भारत के माननीय राष्ट्रपति और भारत के कानून मंत्री, कृपया उन सभी अपराधियों को रिहा कर दें, जिन्होंने अपराध करने के बाद अपने अपराधों को स्वीकार कर लिया है। क्योंकि उनमें साहस है, क्योंकि वे जुझारू हैं। क्योंकि वे सत्य के साथ खड़े हैं और इसलिए भी क्योंकि जब उन्होंने अपराध किया था तब किसी ने भी उनका साथ नहीं दिया था।'
बीमारी पर टिप्पणी और नेटिजन्स की प्रतिक्रिया
हिना खान द्वारा शिल्पा शिंदे के कबूलनामे को शर्मनाक बताए जाने के कुछ ही घंटों बाद शिल्पा ने एक वीडियो साझा किया और पब्लिसिटी के लिए 'बीमारियों' का इस्तेमाल करने की बात कहते हुए हिना पर पलटवार किया। इस वीडियो के बाद ऑनलाइन एक बहस छिड़ गई, जिसमें यूजर्स शिल्पा की आलोचना करते दिखे और किसी की बीमारी पर गलत टिप्पणी करने को लेकर उन्हें फटकार लगाई।
https://www.indiatv.in/entertainment/tv/hina-khan-urges-pm-modi-and-president-droupadi-murmu-to-free-prisoners-who-have-admitted-their-crimes-amid-shilpa-shinde-row-2026-06-04-1223082