आलिया भट्ट हुईं एक्साइटेड, 'ग्राम चिकित्सालय 2' के साथ लौट रहे उनके पसंदीदा डॉक्टर

द वायरल फीवर की लोकप्रिय सीरीज 'ग्राम चिकित्सालय' का दूसरा सीजन 23 जून को रिलीज होगा। आलिया भट्ट ने अपनी करीबी दोस्त आकांक्षा रंजन कपूर की वापसी पर खुशी जाहिर की है।

गांव की स्वास्थ्य समस्याओं को दिल से छू लेने वाले अंदाज में पेश करने वाली सीरीज 'ग्राम चिकित्सालय' एक बार फिर दर्शकों के बीच लौटने को तैयार है। द वायरल फीवर के बनाए और राहुल पांडे के निर्देशन वाले इस शो में अमोल पाराशर और आकांक्षा रंजन कपूर मुख्य भूमिका में हैं। पहले सीजन को मिली जबरदस्त कामयाबी के बाद अब इसका दूसरा सीजन 23 जून को दुनिया भर में रिलीज होने जा रहा है। इसी मौके पर अभिनेत्री आलिया भट्ट ने भी सीरीज की वापसी और अपने पसंदीदा डॉक्टर के लौटने पर उत्साह दिखाया है।

आखिर कौन हैं आलिया का फेवरेट डॉक्टर

आलिया भट्ट ने अपने सोशल मीडिया पर शो का एक पोस्टर साझा करते हुए लिखा कि उनके पसंदीदा डॉक्टर एक बार फिर वापस आ गए हैं और इसके साथ उन्होंने आकांक्षा रंजन कपूर को टैग किया। दरअसल इस पोस्ट के जरिए आलिया ने आकांक्षा को ही अपना फेवरेट डॉक्टर बताया है, जो सीरीज में डॉक्टर गार्गी के किरदार में नजर आने वाली हैं। आकांक्षा इससे पहले शो के पहले सीजन में भी इसी भूमिका में दिखी थीं। बता दें कि आलिया और आकांक्षा के बीच गहरी दोस्ती है।

एक साथ कई नई सीरीज और फिल्मों का ऐलान

'ग्राम चिकित्सालय' सीजन 2 का प्रीमियर 23 जून को प्राइम वीडियो पर होगा। इसके अलावा प्राइम वीडियो के शोकेस में TVF की कई फिल्मों की भी घोषणा की गई, जिनमें सिद्धार्थ मल्होत्रा की 'व्वन' और 'कॉलेज फेस्ट' जैसी फिल्में शामिल हैं। इसके साथ ही 'पिरामिड' और 'वंश' जैसे नए शो की भी जानकारी दी गई। वहीं 'एस्पिरेंट्स', 'पंचायत', 'सपने वर्सेस एवरीवन' और 'संदीप भैया' के नए सीजन की भी घोषणा कर दी गई है।

जहां खत्म हुई थी कहानी, वहीं से शुरुआत

'ग्राम चिकित्सालय' सीजन 2 को TVF ने तैयार किया है और इसका निर्देशन राहुल पांडे ने किया है। सीरीज में अमोल पाराशर और आकांक्षा रंजन कपूर अहम भूमिकाओं में हैं। इसका नया अध्याय ठीक उसी मोड़ से आगे बढ़ता है, जहां पहला सीजन समाप्त हुआ था। इसमें अमोल पाराशर का निभाया डॉक्टर प्रभात भटखंडी का किरदार एक जर्जर हो चुके प्राइमरी हेल्थ सेंटर को दोबारा खड़ा करने के अपने लक्ष्य की ओर जुटा हुआ नजर आता है।

https://www.indiatv.in/entertainment/bollywood/alia-bhatt-excitement-for-gram-chikitsalay-season-2-release-says-my-favourite-doctor-is-back-akansha-ranjan-kapoor-2026-06-04-1223091