दिल्ली विश्वविद्यालय ने जारी किया नया शैक्षणिक कैलेंडर
दिल्ली विश्वविद्यालय ने आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अपने आधिकारिक कैलेंडर का ऐलान कर दिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर के सभी पाठ्यक्रमों के लिए पढ़ाई 28 जुलाई 2026 से शुरू कर दी जाएगी। यह घोषणा ऐसे समय में की गई है जब विश्वविद्यालय में दाखिले की प्रक्रिया पूरी गति से आगे बढ़ रही है।
ऑड सेमेस्टर का विस्तृत कार्यक्रम (प्रथम, तृतीय, पंचम और सप्तम सेमेस्टर)
विश्वविद्यालय की ओर से जारी शेड्यूल के मुताबिक, प्रथम, तृतीय, पंचम और सप्तम सेमेस्टर की नियमित कक्षाएं 28 जुलाई से शुरू हो जाएंगी। छात्रों के लिए शरदकालीन अवकाश 18 अक्टूबर से 25 अक्टूबर के बीच रहेगा। इसके बाद 26 अक्टूबर से दोबारा पढ़ाई शुरू होगी। कक्षाओं का समापन 20 नवंबर को होगा, जिसके बाद छात्रों को प्रयोगात्मक परीक्षाओं और थ्योरी की तैयारी के लिए समय दिया जाएगा। मुख्य लिखित परीक्षाएं 4 दिसंबर 2026 से आयोजित की जाएंगी। वर्ष के अंत में शीतकालीन अवकाश 25 दिसंबर से 31 दिसंबर 2026 तक प्रभावी रहेगा, जिसके पश्चात कक्षाएं पुन: आरंभ होंगी।
इवन सेमेस्टर का शेड्यूल (द्वितीय, चतुर्थ, षष्ठम और अष्टम सेमेस्टर)
नए वर्ष की शुरुआत के साथ ही द्वितीय, चतुर्थ, षष्ठम और अष्टम सेमेस्टर की पढ़ाई 1 जनवरी 2027 से शुरू होगी। इन छात्रों के लिए मिड सेमेस्टर का अवकाश 21 मार्च से 28 मार्च 2027 तक निर्धारित किया गया है। ब्रेक के बाद पढ़ाई का सिलसिला 29 मार्च 2027 से दोबारा शुरू हो जाएगा। प्रयोगात्मक परीक्षाओं की तैयारी 30 अप्रैल 2027 से प्रारंभ होगी और इसी के साथ थ्योरी कक्षाएं पूरी हो जाएंगी। इन सेमेस्टर्स के लिए फाइनल लिखित परीक्षाएं 13 मई 2027 से आयोजित की जाएंगी। शैक्षणिक सत्र संपन्न होने के उपरांत 3 जून से 20 जुलाई 2027 तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा, जिसके बाद आगामी सत्र की तैयारी की जाएगी।
सत्र में बदलाव की जानकारी
विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह स्पष्ट किया है कि नए शैक्षणिक कैलेंडर को व्यवस्थित रूप से लागू करने के उद्देश्य से वर्तमान सत्र (2025-26) की गर्मियों की छुट्टियों को 20 जुलाई से बढ़ाकर 27 जुलाई 2026 तक कर दिया गया है। इस बदलाव का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि 28 जुलाई से नया सत्र समय पर शुरू हो सके और शैक्षणिक गतिविधियों में किसी भी प्रकार का विलंब न हो।
https://www.indiatv.in/delhi/delhi-university-has-released-the-academic-calendar-for-the-2026-27-session-classes-will-begin-on-july-28-2026-07-02-1228764