उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के किच्छा में स्थित एक फार्म को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। वहां स्थित करीब 4 एकड़ के खान फार्म पर मालिकाना हक के विवाद को लेकर आज भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने वाड्रा परिवार और विशेष रूप से कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा पर बेहद संगीन आरोप लगाए हैं। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस के एक स्थानीय विधायक ने अपने समर्थकों के साथ मिलकर वहां रह रही एक बुजुर्ग महिला को डराया-धमकाया और जमीन खाली करने का दबाव बनाया।
भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने लगाए गंभीर आरोप
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सीधे तौर पर प्रियंका गांधी वाड्रा को घेरते हुए कहा कि सायरा वाड्रा, जो प्रियंका वाड्रा की जेठानी हैं, वह इस खान फार्म की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने आगे कहा कि जब यह जमीन एक सिविल विवाद के अधीन है और गांधी-वाड्रा परिवार को यह अच्छी तरह समझ आ गया है कि वे कानूनी तरीके से इस 4 एकड़ की जमीन पर सायरा वाड्रा का कब्जा नहीं दिला सकते, तो उन्होंने बल प्रयोग का रास्ता चुना।
प्रदीप भंडारी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी के किच्छा से विधायक और प्रियंका वाड्रा के बेहद करीबी माने जाने वाले तिलक राज बेहड़ कल देर रात लगभग 100 लोगों के साथ उस जमीन पर पहुंचे। वहां उन्होंने फार्म में रह रही 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला को कथित तौर पर धमकाया कि अगर उन्होंने यह जमीन तुरंत खाली नहीं की तो उन्हें अपनी जान से हाथ धोना पड़ेगा। भाजपा प्रवक्ता के अनुसार, यह गंभीर आरोप खुद पीड़ित बुजुर्ग महिला नसरीन खान ने लगाए हैं।
बुजुर्ग महिला नसरीन खान का क्या है दावा?
भाजपा प्रवक्ता के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पीड़ित नसरीन खान ने अपनी आपबीती बताते हुए कहा कि वह अपने फार्म पर मौजूद थीं, तभी वहां कुछ लोग जबरन घुस आए जो कांग्रेस पार्टी से जुड़े हुए थे। वे लगातार यह कोशिश कर रहे थे कि इस जमीन का कब्जा किसी भी तरह वाड्रा परिवार को सौंप दिया जाए।
प्रदीप भंडारी ने इस बात को रेखांकित किया कि पीड़ित नसरीन खान ने सीधे तौर पर वाड्रा परिवार का नाम लिया है। उन्होंने राजनीतिक सवाल उठाते हुए कहा कि हम सभी जानते हैं कि कांग्रेस का कोई भी विधायक 100 से अधिक कार्यकर्ताओं को लेकर किसी जमीन पर कब्जा करने सिर्फ सायरा वाड्रा के कहने पर नहीं जाएगा। इसके पीछे जरूर किसी बड़े नेता का हाथ है।
भाजपा ने प्रियंका वाड्रा से पूछे तीखे सवाल
इस पूरे मामले को लेकर भाजपा ने कांग्रेस नेतृत्व और प्रियंका गांधी वाड्रा पर तीखा हमला बोला है। प्रदीप भंडारी ने पूछा कि क्या प्रियंका वाड्रा ने खुद अपने करीबी विधायक तिलक राज बेहड़ को फोन करके यह निर्देश दिया था कि किसी भी कीमत पर सायरा वाड्रा को इस जमीन का कब्जा दिलाया जाए? उन्होंने सवाल उठाया कि अपनी जेठानी को जमीन दिलाने के लिए गांधी-वाड्रा परिवार आखिर किस हद तक जा सकता है? भाजपा ने इस मामले में निष्पक्ष जांच और बुजुर्ग महिला को सुरक्षा देने की मांग की है।
https://www.indiatv.in/india/national/bjp-spokesperson-pradeep-bhandari-levels-serious-allegations-against-priyanka-gandhi-vadra-know-what-the-entire-matter-is-about-2026-07-02-1228711