बरसात में बेसन और सूजी को कीड़ों और सीलन से कैसे बचाएं? अपनाएं ये आसान घरेलू उपाय

मानसून के मौसम में हवा में मौजूद नमी के कारण बेसन और सूजी में कीड़े लगने और जाले पड़ने की समस्या आम हो जाती है। इन आसान और असरदार घरेलू तरीकों को अपनाकर आप इन्हें लंबे समय तक सुरक्षित और ताजा रख सकते हैं।

मानसून की शुरुआत होते ही रसोई की कई चीजों के खराब होने का डर सताने लगता है। इस मौसम में हवा में नमी का स्तर काफी बढ़ जाता है, जिसका सबसे बुरा असर रसोई में रखे सूजी और बेसन जैसे खाद्य पदार्थों पर पड़ता है। बारिश के दिनों में अक्सर इनमें जाले पड़ जाते हैं, छोटे-छोटे कीड़े लग जाते हैं या फिर नमी के कारण इनकी गुठलियां बन जाती हैं। अगर आप भी हर साल इस समस्या का सामना करते हैं, तो अब आपको घबराने की जरूरत नहीं है। कुछ बहुत ही आसान और घरेलू उपायों को अपनाकर आप अपने बेसन और सूजी को महीनों तक बिल्कुल ताजा और सुरक्षित रख सकते हैं।

हल्का भूनकर करें स्टोर

सूजी और बेसन को कीड़ों और सीलन से बचाने के लिए उन्हें भूनकर रखना सबसे पारंपरिक और भरोसेमंद नुस्खा माना जाता है। इसके लिए आपको ज्यादा कुछ नहीं करना है। बस एक भारी तले की कढ़ाई लें और उसमें सूजी डालें। बिना घी या तेल का इस्तेमाल किए इसे धीमी आंच पर करीब 4 से 5 मिनट तक अच्छी तरह भून लें। ध्यान रखें कि सूजी का रंग बदलना नहीं चाहिए, हमें बस इसकी नमी को खत्म करना है। इसी तरह बेसन को भी कढ़ाई में डालकर लगभग 2 से 3 मिनट के लिए हल्का गर्म कर लें। भूनने के बाद इन्हें पूरी तरह से ठंडा होने के लिए छोड़ दें। गरम-गरम ही डिब्बे में बंद करने की गलती बिल्कुल न करें, क्योंकि इससे डिब्बे में भाप बनेगी और नमी के कारण वे और जल्दी खराब हो जाएंगे।

एयरटाइट डिब्बों का ही करें इस्तेमाल

बरसात के मौसम में लापरवाही भारी पड़ सकती है। बेसन और सूजी को कभी भी उनके मूल पैकेट में खुला या किसी साधारण डिब्बे में न छोड़ें। थोड़ी सी भी हवा लगने पर इनमें तुरंत सीलन आ जाती है। इसके बजाय इन्हें हमेशा कांच या फिर बेहतरीन गुणवत्ता वाले प्लास्टिक से बने एयरटाइट डिब्बों में ही रखें। ध्यान रहे कि डिब्बे का ढक्कन पूरी तरह से बंद होना चाहिए ताकि बाहर की नमी और सीलन किसी भी हाल में अंदर प्रवेश न कर सके।

फ्रिज और फ्रीजर का स्मार्ट इस्तेमाल

अगर आपकी रसोई में सीलन बहुत ज्यादा रहती है या फिर आपके पास व्यस्त दिनचर्या के कारण सूजी और बेसन को भूनकर रखने का समय नहीं है, तो आपके लिए फ्रिज सबसे बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है। आप बेसन और सूजी को किसी अच्छे एयरटाइट डिब्बे या ज़िप-लॉक बैग में सुरक्षित तरीके से भरकर फ्रिज या फ्रीजर के अंदर रख सकते हैं। तापमान कम होने की वजह से इनमें महीनों तक न तो कीड़े लगेंगे, न जाले पड़ेंगे और न ही ये खराब होंगे।

ये आसान घरेलू नुस्खे भी आएंगे बेहद काम

इसके अलावा आप कुछ पारंपरिक घरेलू चीजों की मदद से भी इन्हें कीड़ों से बचा सकते हैं:

  • तेजपत्ता और लौंग का कमाल: सूजी और बेसन के डिब्बों में 2 से 3 तेजपत्ता या फिर 4 से 5 लौंग डाल दें। लौंग और तेजपत्ते की तेज गंध के कारण कीड़े इनके आसपास भी नहीं फटकते और ये लंबे समय तक सुरक्षित रहते हैं।
  • सूखी लाल मिर्च: अगर आप बेसन या सूजी के डिब्बे के अंदर 1 से 2 साबुत सूखी लाल मिर्च रख देते हैं, तो इससे भी कीड़े लगने की समस्या से पूरी तरह छुटकारा मिल जाता है।

https://www.indiatv.in/lifestyle/features/gram-flour-and-sooji-won-t-spoil-during-the-monsoon-just-keep-this-in-mind-and-learn-the-proper-way-to-store-them-2026-07-02-1228625