जयपुर के परिवहन क्षेत्र में एक नई शुरुआत हुई है। सहकारी मॉडल पर आधारित भारत टैक्सी का ट्रायल राजधानी में आरंभ कर दिया गया है। इस पहल के जरिए शहर के लोगों को बाइक टैक्सी, ऑटो रिक्शा और कैब जैसी सेवाओं के लिए एक नया विकल्प उपलब्ध होगा।
यात्रियों और ड्राइवरों दोनों के लिए फायदेमंद
सरकार का कहना है कि यह कदम यात्रियों को किफायती, पारदर्शी और भरोसेमंद परिवहन सुविधा देने के साथ-साथ हजारों ड्राइवरों के लिए रोजगार और आमदनी के नए रास्ते भी खोलेगा। माना जा रहा है कि यह व्यवस्था चालक और यात्री, दोनों के हितों को ध्यान में रखकर बनाई गई है।
ट्रायल से पहले ही 13 हजार सारथी जुड़े
सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक के अनुसार, जयपुर में ट्रायल की शुरुआत होने से पहले ही करीब 13 हजार सारथी इस प्लेटफॉर्म से जुड़ चुके हैं। यह आंकड़ा इस मॉडल के प्रति ड्राइवरों के बढ़ते रुझान को दर्शाता है।
ऐप पर मिलेंगी ये सुविधाएं
भारत टैक्सी ऐप के माध्यम से यात्रियों को कई खास सेवाएं देने की योजना है। इनमें शून्य सर्ज प्राइसिंग, पारदर्शी किराया, एसओएस सुरक्षा सुविधा, स्थानीय ड्राइवर और बेहतर ग्राहक सहायता जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
https://hindi.news18.com/news/rajasthan/jaipur-bharat-taxi-enters-jaipur-with-13000-drivers-trial-start-bike-taxi-cab-auto-service-ola-uber-competition-ws-l-10540877.html