अगर आप आने वाले महीनों में कश्मीर की सैर का इरादा बना रहे हैं और श्रीनगर के लिए हवाई टिकट बुक करने की तैयारी में हैं, तो यात्रा की योजना बनाने से पहले यह जानकारी आपके बहुत काम की है। श्रीनगर एयरपोर्ट पर प्रस्तावित रनवे मरम्मत कार्य के चलते उड़ानों के संचालन पर असर पड़ने की आशंका है, जिसकी वजह से कई फ्लाइट्स के शेड्यूल में फेरबदल देखने को मिल सकता है।
क्यों खास है यह खबर
जुलाई से अक्टूबर 2026 के बीच अगर कश्मीर घूमने का कार्यक्रम है, तो श्रीनगर एयरपोर्ट से जुड़ा यह अपडेट आपके लिए बेहद अहम है। रनवे पर चल रहे मरम्मत कार्य की वजह से इस अवधि में कई उड़ानों के समय बदले जा सकते हैं। यही वजह है कि यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे टिकट खरीदने से पहले उड़ान की ताजा स्थिति जरूर जांच लें।
कब-कब बंद रहेगा रनवे
एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक, भारतीय वायुसेना की ओर से रनवे की मरम्मत और रखरखाव का काम किए जाने की योजना है। इसी योजना के अंतर्गत 1 जुलाई 2026 से 30 सितंबर 2026 तक हर सोमवार और मंगलवार को एयरपोर्ट का रनवे उड़ान संचालन के लिए बंद रहेगा। इसके अलावा अक्टूबर में कुछ दिनों के लिए रनवे पूरी तरह बंद रखने की बात कही गई है।
यात्रियों पर क्या असर पड़ेगा
रनवे बंद रहने वाले इन दिनों में कुछ उड़ानों के समय में बदलाव किया जा सकता है, तो वहीं कुछ फ्लाइट्स को रद्द भी किया जा सकता है। ऐसे में यात्रियों के लिए बेहतर यही होगा कि वे यात्रा से पहले अपनी फ्लाइट की पुष्ट जानकारी हासिल कर लें, ताकि आखिरी समय में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
https://hindi.news18.com/news/nation/srinagar-airport-runway-maintenance-flight-disruption-kashmir-travel-alert-july-october-2026-10540962.html