सेल्टोस अब और भी अधिक प्रीमियम और सुरक्षित
भारत के ऑटोमोबाइल बाजार में अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखने वाली किया इंडिया ने अपनी सबसे ज्यादा बिकने वाली मिड-साइज एसयूवी किया सेल्टोस को लेकर एक बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने बाजार में इस गाड़ी के दो नए टॉप-एंड वेरिएंट्स, GTX(O) और X-Line(O) को उतार दिया है। इन नए मॉडल्स के आने के बाद सेल्टोस न केवल दिखने में पहले से कहीं ज्यादा प्रीमियम हो गई है, बल्कि तकनीकी रूप से भी काफी सक्षम हो गई है। कंपनी के अनुसार, इन वेरिएंट्स की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 21.56 लाख रुपये तय की गई है। इस लॉन्च का मुख्य उद्देश्य उन ग्राहकों को लुभाना है जो सुरक्षा, लग्जरी और आधुनिक तकनीक का एक बेहतरीन संगम अपनी गाड़ी में चाहते हैं। हाल ही में भारत एनकैप द्वारा 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग दिए जाने के बाद, अब इन नए वेरिएंट्स के साथ सुरक्षा का स्तर और भी ऊंचा हो गया है।
28 ADAS फीचर्स के साथ सुरक्षा का नया पैमाना
किया ने अपनी नई सेल्टोस में सेफ्टी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। नए GTX(O) और X-Line(O) मॉडल्स में किया का एडवांस्ड ADAS F+ पैकेज शामिल किया गया है। इसमें कुल 28 सुरक्षा फीचर्स मिलते हैं, जो सड़क पर चालक और सवारी दोनों को अधिक सुरक्षित रखने का काम करते हैं। इसमें फ्रंट कोलीजन अवोइडेंस असिस्ट, लेन चेंज असिस्ट, नेविगेशन बेस्ड स्मार्ट क्रूज़ कंट्रोल और हाईवे ड्राइविंग असिस्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं शामिल हैं। इन फीचर्स का मुख्य मकसद संभावित दुर्घटनाओं को रोकना और ड्राइविंग के अनुभव को तनावमुक्त बनाना है। कंपनी का दावा है कि इस सेगमेंट में मिलने वाली यह तकनीक सबसे एडवांस और भरोसेमंद है।
फीचर्स और अत्याधुनिक तकनीक
फीचर्स की बात करें तो नए वेरिएंट्स में कंपनी ने हाई-टेक उपकरणों की भरमार कर दी है। इनमें कनेक्टेड कार नेविगेशन कॉकपिट यानी ccNC दिया गया है। किआ कनेक्ट 2.0 के जरिए ग्राहक 85 से अधिक कनेक्टेड फीचर्स का लाभ उठा सकेंगे। गाड़ी में रीजनल लैंग्वेज वॉयस कमांड की सुविधा भी दी गई है। इसके अलावा, डिजिटल की, विंडशील्ड हेड-अप डिस्प्ले, और एयर क्वालिटी इंडेक्स डिस्प्ले वाला स्मार्ट एयर प्यूरीफायर जैसी सुविधाएं केबिन के अनुभव को और बेहतर बनाती हैं। ड्राइविंग के दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इसमें फ्रंट और रियर स्मार्ट डैशकैम भी दिया गया है, जिसे मोबाइल ऐप के जरिए आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है। उपयोगिता बढ़ाने के लिए सभी पावर विंडोज में वन-टच ऑटो अप/डाउन और सेफ्टी फंक्शन जैसे फीचर्स भी मौजूद हैं।
क्या कहना है कंपनी का
किया इंडिया के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (मार्केटिंग एवं सेल्स) अतुल सूद ने इस लॉन्च पर अपना बयान दिया। उन्होंने कहा कि सेल्टोस का सफर ग्राहकों की बदलती जरूरतों के साथ लगातार विकसित हो रहा है। हाल ही में भारत एनकैप द्वारा मिली 5-स्टार रेटिंग इस बात का प्रमाण है कि किया इंजीनियरिंग के मामले में कितना गंभीर है। उन्होंने आगे कहा कि GTX(O) और X-Line(O) वेरिएंट्स के जरिए हमने सुरक्षा, कनेक्टिविटी और प्रीमियम सुविधाओं को एक साथ पिरोकर ग्राहकों के सामने पेश किया है।
बाजार में लगातार बना हुआ है दबदबा
किया सेल्टोस की बाजार में मांग निरंतर बनी हुई है। कंपनी के आंकड़ों पर गौर करें तो नई सेल्टोस के लॉन्च के बाद से ही हर महीने 10,000 से अधिक यूनिट्स की बिक्री दर्ज की जा रही है। यह संख्या इस गाड़ी की लोकप्रियता और ग्राहकों के अटूट भरोसे को दर्शाती है। कंपनी का मानना है कि इन दो नए टॉप वेरिएंट्स के बाजार में आने से मिड-साइज एसयूवी सेगमेंट में सेल्टोस की बादशाहत और भी मजबूत हो जाएगी।
इंजन विकल्प और मूल्य निर्धारण
जहां तक पावरट्रेन की बात है, तो नई किया सेल्टोस के ये नए वेरिएंट्स टर्बो पेट्रोल और डीजल दोनों इंजन विकल्पों में खरीदे जा सकते हैं। 21.56 लाख रुपये की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत के साथ कंपनी ने इसे एक प्रतिस्पर्धी मूल्य पर लॉन्च किया है। कंपनी का मानना है कि प्रीमियम फीचर्स और बेहतर विकल्पों के साथ, सेल्टोस का वैल्यू प्रपोजिशन अब पहले से कहीं ज्यादा आकर्षक हो गया है।
https://hindi.news18.com/news/auto/cars-kia-seltos-gtx-o-x-line-o-launched-price-features-adas-bharat-ncap-5-star-ws-l-10619647.html