अंक ज्योतिष: इन तारीखों में जन्मे लोग हमेशा बने रहते हैं क्रश, शादी के बाद भी खत्म नहीं होता इनका आकर्षण

अंक ज्योतिष के अनुसार कुछ विशेष तारीखों पर जन्म लेने वाले लोगों में ऐसी चुंबकीय शक्ति होती है कि उम्र बढ़ने और वैवाहिक जीवन में बंधने के बाद भी लोग उनकी तरफ आकर्षित होते रहते हैं।

जन्म तारीख और व्यक्तित्व का कनेक्शन

दुनिया में कई लोग ऐसे होते हैं जो समय बीतने के साथ और भी अधिक आकर्षक लगने लगते हैं। चाहे उनकी उम्र बढ़ रही हो या वे शादी के बंधन में बंध चुके हों, उनका प्रभाव और चार्म कम होने के बजाय और भी बढ़ जाता है। लोग अक्सर उनकी ओर सहज ही खींचे चले आते हैं। ज्योतिष शास्त्र और विशेष रूप से अंक ज्योतिष के जानकारों का मानना है कि इसके पीछे जन्म की तारीख का बड़ा हाथ होता है। कुछ खास तारीखों में पैदा हुए लोगों का व्यक्तित्व मैग्नेटिक होता है। उनका बात करने का अंदाज, उनके काम करने का तरीका और उनका आत्मविश्वास उन्हें आम लोगों की भीड़ से बिल्कुल अलग खड़ा कर देता है। यही कारण है कि लोग उनकी ओर आकर्षित महसूस करते हैं।

मूलांक 1: सूर्य का अद्भुत तेज

जिन लोगों का जन्म किसी भी महीने की 1, 10, 19 और 28 तारीख को होता है, उन पर सूर्य का गहरा प्रभाव पड़ता है। इन लोगों की सोच काफी स्वतंत्र होती है और इनका एटीट्यूड काफी मजबूत माना जाता है। इनके भीतर नेतृत्व करने की अद्भुत क्षमता होती है। ये जहां भी जाते हैं, वहां अपनी छाप छोड़ने में कामयाब रहते हैं। शादी के बाद भी इनका अनुशासन और इनका रहने का तरीका लोगों को प्रभावित करता है, जिससे इनका आकर्षण बरकरार रहता है।

मूलांक 5: बुध ग्रह की चंचलता

अगर आपका जन्म किसी भी महीने की 5, 14 और 23 तारीख को हुआ है, तो आप पर बुध ग्रह का स्वामित्व है। इन लोगों की संवाद कला यानी कम्युनिकेशन स्किल्स बेहद प्रभावशाली होती है। इनका मजाकिया स्वभाव और जिंदादिल अंदाज लोगों को बहुत पसंद आता है। उम्र कितनी भी बढ़ जाए, लेकिन इनके भीतर की ऊर्जा कभी कम नहीं होती। ये किसी भी परिस्थिति में खुद को ढालना बखूबी जानते हैं और अपनी बातचीत से लोगों को अपना मुरीद बना लेते हैं।

मूलांक 6: शुक्र का सौंदर्य और आकर्षण

किसी भी महीने की 6, 15 और 24 तारीख को जन्मे जातक शुक्र ग्रह के प्रभाव में होते हैं। अंक ज्योतिष में शुक्र को सौंदर्य और विलासिता का कारक माना जाता है। ऐसे लोग अपने लुक्स और अपनी पर्सनैलिटी को लेकर हमेशा सजग रहते हैं। इनका स्टाइल और ग्रूमिंग का तरीका इन्हें भीड़ में अलग दिखाता है। इनका रोमांटिक और परवाह करने वाला स्वभाव लोगों के मन में इनके प्रति खिंचाव पैदा करता है, जो शादी के बाद भी कम नहीं होता।

मूलांक 9: मंगल का साहस

जो लोग किसी भी महीने की 9, 18 और 27 तारीख को जन्मे हैं, वे मंगल की ऊर्जा से ओत-प्रोत होते हैं। ऐसे जातक साहसी होने के साथ-साथ काफी जोशीले भी होते हैं। इनका निडर स्वभाव और दूसरों की रक्षा करने की भावना इन्हें दूसरों की नजरों में आकर्षक बनाती है। इनके आत्मविश्वास में कोई कमी नहीं आती, यही वजह है कि शादी के बाद भी ये लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बने रहते हैं।

https://www.indiatv.in/religion/news-people-born-on-these-dates-always-stay-on-crush-list-others-are-still-highly-attracted-to-them-even-after-marriage-2026-07-01-1228554