अमरनाथ यात्रा पर जम्मू-कश्मीर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह खबर जानना जरूरी है। गांदरबल जिले में पुलिस ने यात्रा के नाम पर ठगी की एक कोशिश को नाकाम करते हुए एक आरोपी को धर दबोचा है। यह व्यक्ति खुद को सरकारी कर्मचारी बताकर दुकानदारों और सेवा देने वाले लोगों को अमरनाथ की पवित्र गुफा तक पहुंचाने का भरोसा दिलाता था। पुलिस की चौकसी के चलते उसकी यह साजिश समय रहते सामने आ गई।
सरकारी कर्मचारी बनकर कर रहा था धोखाधड़ी
जानकारी के मुताबिक, थाना सोनमर्ग को 27 मई, 2026 को सूचना मिली थी कि मोहम्मद अयूब जारा नाम का एक व्यक्ति डोमेल इलाके में घूम रहा है और खुद को अमरनाथ यात्रा के डोमेल मार्ग पर तैनात सरकारी कर्मचारी बता रहा है। इसके साथ ही वह लोगों को गुमराह भी कर रहा था। बाद में आरोपी की पहचान पुंछ के अंदरोला निवासी मोहम्मद अयूब जारा के रूप में हुई।
पवित्र गुफा तक पहुंचाने का देता था भरोसा
शुरुआती जांच में पता चला कि आरोपी मोहम्मद अयूब जारा यात्रा से जुड़े दुकानदारों और सेवा देने वालों को यकीन दिलाता था कि वह उन्हें पवित्र अमरनाथ गुफा तक पहुंचा देगा। इसके अलावा वह यात्रा से जुड़ी जरूरी अनुमति दिलाने में मदद करने का दावा भी करता था। इसके बदले में वह लोगों से पैसे की मांग करता था और इसी तरह धोखे से रकम वसूलने की फिराक में था।
आरोपी के खिलाफ दर्ज हुआ मामला
मामले की गंभीरता को देखते हुए सोनमर्ग पुलिस ने आरोपी मोहम्मद अयूब जारा के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पड़ताल के दौरान पुलिस ने उसकी गतिविधियों पर निगरानी रखी और 3 जून, 2026 की शाम उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में खुल सकते हैं कई राज
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी मोहम्मद अयूब जारा से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने अब तक कितने लोगों को झांसा देकर पैसे ठगे हैं। साथ ही यह भी जांचा जा रहा है कि कहीं उसका किसी संगठित गिरोह से तो संबंध नहीं है। फिलहाल इस मामले की जांच जारी है।
अधिकृत एजेंसियों से ही करें संपर्क
इस बीच जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं और यात्रा से जुड़े लोगों से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी व्यक्ति के झांसे में न आएं। पुलिस ने कहा है कि वे केवल अधिकृत सरकारी एजेंसियों और अधिकारियों से ही संपर्क करें।
https://www.indiatv.in/jammu-and-kashmir/amarnath-yatra-fraud-ganderbal-police-arrest-man-for-fake-facilitation-holy-cave-jammu-kashmir-news-2026-06-04-1223073