शराबबंदी के बावजूद जारी है अवैध तस्करी
बिहार में शराबबंदी कानून लागू हुए एक दशक का लंबा समय बीत चुका है, लेकिन राज्य में अवैध शराब की तस्करी पूरी तरह खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। तस्कर पुलिस और मद्य निषेध विभाग की आंखों में धूल झोंकने के लिए आए दिन नए और हैरान कर देने वाले तरीके अपनाते रहते हैं। इसी क्रम में सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे जानकर हर कोई दंग रह गया है। पुलिस ने एक बोलेरो पिकअप वैन से भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप बरामद की है, जिसे बेहद चालाकी से एक जनरेटर के अंदर छिपाया गया था।
कैसे खुला तस्करों का राज?
इस पूरे मामले का खुलासा उस समय हुआ जब जिला मद्य निषेध व उत्पाद अधीक्षक अशोक कुमार को तस्करी के संबंध में गुप्त सूचना मिली। इस खुफिया जानकारी पर तुरंत अमल करते हुए स्थानीय पुलिस और मद्य निषेध विभाग की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने त्रिवेणीगंज के निपनियां मोड़ के समीप स्थित टुनटुन ट्रेडिंग के पास जाल बिछाया और संदिग्ध बोलेरो पिकअप वैन को रुकने का इशारा किया। जब अधिकारियों ने गाड़ी की बारीकी से तलाशी ली, तो उन्हें शुरू में कुछ खास नहीं दिखा, लेकिन बाद में जनरेटर को देखते ही उनका शक यकीन में बदल गया। तस्करों ने जनरेटर को इस तरह मॉडिफाई किया था कि उसके अंदर एक सीक्रेट चैंबर बना दिया गया था, ताकि कोई इसे खोलकर देख न सके।
जनरेटर में छिपा था 459 लीटर का स्टॉक
जब पुलिस ने जनरेटर के इस गुप्त तहखाने को खोला, तो उसके अंदर का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। उस चैंबर में ब्रांडेड विदेशी शराब की बड़ी खेप मौजूद थी। इसमें ग्रीन लेबल, बैगपाइपर, व्हाइट मिस्चीफ, रॉयल कास्ट और मैजिक मूवमेंट जैसे ब्रांड शामिल थे। पुलिस के अनुसार, बरामद की गई सभी बोतलें 750 ML की क्षमता वाली थीं। कुल 51 कार्टून में पैक इन बोतलों की संख्या 612 थी। जब अधिकारियों ने इसका कुल वॉल्यूम मापा, तो यह 459 लीटर विदेशी शराब निकली।
दो आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
पुलिस ने मौके से इस पूरे अवैध कारोबार में शामिल दो आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए तस्करों की पहचान नीरज कुमार और छोटू कुमार के तौर पर की गई है। इनमें से नीरज कुमार झारखंड के धनबाद का निवासी है, जबकि छोटू कुमार मधेपुरा के परसाही का रहने वाला है। फिलहाल, पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम इन दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि इन तस्करों से मिली जानकारी के आधार पर शराब तस्करी के इस पूरे गिरोह के अन्य सदस्यों और सरगना तक पहुंचने में बड़ी कामयाबी हासिल होगी।
https://www.indiatv.in/bihar/bihar-supaul-612-bottles-of-foreign-liquor-found-hidden-inside-a-generator-two-arrested-2026-07-01-1228567