मुंबई और आसपास के इलाकों के लिए मौसम विभाग का अलर्ट
महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को खासा प्रभावित किया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने बुधवार को राजधानी मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। विभाग ने स्पष्ट रूप से संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में मुंबई सहित राज्य के अन्य जिलों में बारिश की तीव्रता में कोई कमी नहीं आएगी, बल्कि यह और अधिक बढ़ सकती है। लगातार हो रही वर्षा के कारण मुंबई के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है, जिससे आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
रत्नागिरी के लिए रेड अलर्ट की घोषणा
मौसम विभाग ने दोपहर 1:43 बजे महाराष्ट्र के लिए जिलेवार पूर्वानुमान जारी किया है। IMD के ताजा अपडेट के अनुसार, कोंकण क्षेत्र के तटीय जिले रत्नागिरी के लिए रेड अलर्ट घोषित किया गया है। यहाँ बुधवार को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और छिटपुट जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
शनिवार तक जारी रहेगा बारिश का सिलसिला
नगर निकाय के एक अधिकारी ने मौसम विभाग के पूर्वानुमान का हवाला देते हुए बताया कि आने वाले कुछ दिनों में महाराष्ट्र के कई जिलों में जमकर बादल बरसेंगे। उन्होंने बताया कि पालघर में गुरुवार के लिए और रायगढ़ जिले में गुरुवार तथा शुक्रवार के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, ठाणे जिले में बुधवार से शुक्रवार तक ऑरेंज अलर्ट बना रहेगा, जबकि शनिवार को यहाँ भी रेड अलर्ट की स्थिति रहेगी।
ठाणे और सिंधुदुर्ग में भारी बारिश की चेतावनी
अधिकारी के मुताबिक, मुंबई के लिए बुधवार से शनिवार तक ऑरेंज अलर्ट जारी है। IMD ने रविवार को मुंबई, ठाणे और सिंधुदुर्ग में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान लगाया है। इसके अलावा पालघर, रायगढ़ और रत्नागिरी में भी व्यापक रूप से भारी से बहुत भारी वर्षा होने की चेतावनी दी गई है। स्थानीय प्रशासन और नगर निगम की टीमें पूरी तरह से सतर्क हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
बारिश के कारण मुंबई में यातायात पर बुरा असर
भारी बारिश के कारण बुधवार को मुंबई की रफ्तार पर ब्रेक लग गया। वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे और सांताक्रूज ईस्ट के इलाकों में भीषण ट्रैफिक जाम की स्थिति देखी गई, जिससे ऑफिस जाने वाले यात्रियों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। जलभराव के चलते शहर के कई हिस्सों में आवाजाही बाधित रही। सिर्फ मुंबई ही नहीं, बल्कि राज्य के अन्य शहरों और जिलों से भी जलभराव की सूचनाएं मिल रही हैं, जहाँ सरकारी अमला बचाव और राहत कार्यों में जुटा हुआ है।
https://www.indiatv.in/maharashtra/mumbai-rain-expected-alert-issued-several-districts-of-maharashtra-imd-weather-forecast-2026-07-01-1228526