रांची के फिरायालाल चौक के पास लगने वाला एक गोलगप्पा स्टॉल इन दिनों शहर भर में चर्चा का विषय बना हुआ है। इसकी खास पहचान है यहां परोसा जाने वाला 6 अलग-अलग फ्लेवर का पानी, जिसके चलते हर गोलगप्पे के साथ स्वाद बदलता रहता है। हींग, पुदीना, इमली, खट्टा, मीठा और कुछ खास मिक्स फ्लेवर के साथ ग्राहक यहां एक अनोखे टेस्ट का अनुभव लेते हैं।
हर फ्लेवर का पानी खुद तैयार करते हैं संचालक
स्टॉल चलाने वाले सुधीर बताते हैं कि वे हर फ्लेवर का पानी अपने हाथों से तैयार करते हैं। उनका कहना है कि उन्होंने यह कोशिश की है कि लोगों को केवल स्वाद ही नहीं, बल्कि सेहतमंद और अलग अनुभव भी मिले। अदरक और पुदीना जैसे फ्लेवर घर के पारंपरिक नुस्खों से बनाए जाते हैं, जो उन्होंने अपनी दादी-नानी से सीखे हैं।
चीनी मिट्टी के मरतबान में रखा जाता है पानी
इस स्टॉल की एक और खासियत इसकी परंपरागत शैली है। यहां पानी को चीनी मिट्टी के मरतबान में रखा जाता है, ठीक वैसे ही जैसे पुराने समय में अचार रखा जाता था। सुधीर के मुताबिक, इस तरीके से पानी लंबे समय तक ताजा रहता है और प्राकृतिक रूप से ठंडा भी बना रहता है।
मैदा नहीं, सूजी से बनते हैं गोलगप्पे
यहां गोलगप्पे भी एक खास तरीके से बनाए जाते हैं। इनमें मैदा का बिल्कुल इस्तेमाल नहीं होता, बल्कि सूजी से बने गोलगप्पे और पापड़ी परोसे जाते हैं। यही वजह है कि लोग स्वाद के साथ-साथ इनकी गुणवत्ता की भी जमकर तारीफ करते हैं।
रोज 250 से ज्यादा ग्राहक, जल्दी खत्म हो जाता है स्टॉक
सुधीर बताते हैं कि रोजाना करीब 250 से ज्यादा लोग यहां गोलगप्पे खाने पहुंचते हैं। कई बार तो 4 से 5 घंटे में ही पूरा स्टॉक खत्म हो जाता है, जिसके चलते कुछ ग्राहकों को बिना खाए ही लौटना पड़ता है।
परिवार और दोस्तों के साथ उठा सकते हैं अनोखे स्वाद का लुत्फ
अगर आप भी रांची में कुछ अलग और अनोखा स्ट्रीट फूड आजमाना चाहते हैं, तो फिरायालाल चौक के पास पार्किंग एरिया में लगने वाला यह स्टॉल आपके लिए एक खास अनुभव साबित हो सकता है। यहां अपने परिवार और दोस्तों के साथ इस खास स्ट्रीट फूड का आनंद लिया जा सकता है।
https://hindi.news18.com/photogallery/lifestyle/recipe-ranchi-famous-golgappa-stall-6-flavors-firayalal-chowk-stock-sells-out-in-just-4-hours-local18-10540612.html