फरीदाबाद: जेवर एक्सप्रेसवे पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर से पलटी भारी क्रेन, कई मजदूरों के दबने की आशंका

फरीदाबाद के पन्हेरा खुर्द में जेवर एक्सप्रेसवे के निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर गार्डर उठा रही भारी क्रेन असंतुलित होकर पलट गई, जिससे तीन से चार मजदूरों के दबने की आशंका है। मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है।

हरियाणा के फरीदाबाद से एक बड़ी दुर्घटना की खबर सामने आई है। जेवर एक्सप्रेसवे पर बन रहे फ्लाईओवर के निर्माण के दौरान एक भारी क्रेन गिर पड़ी, जिसके चलते कई मजदूरों के मलबे में दबने की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और राहत टीमें मौके पर पहुंच गईं और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया।

कहां और कैसे हुआ हादसा

यह हादसा पन्हेरा खुर्द में हुआ, जहां जेवर एयरपोर्ट से जुड़ने वाला फ्लाईओवर निर्माणाधीन है। बताया जा रहा है कि यहां गार्डर उठाने के काम में लगी एक भारी क्रेन अचानक असंतुलित होकर वहां काम कर रहे मजदूरों पर पलट गई। इस दौरान मौके पर मौजूद कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए।

बारिश को बताया जा रहा कारण

शुरुआती जानकारी के अनुसार हादसे की वजह बारिश मानी जा रही है। बारिश के चलते जमीन नरम और दलदली हो गई थी, जिसके कारण क्रेन का संतुलन बिगड़ गया। शाम को हुई तेज बारिश की वजह से निर्माण स्थल पर कीचड़ और फिसलन की स्थिति बन गई थी।

बारिश थमने के बाद मजदूर दोबारा काम में जुट गए थे और इसी दौरान यह दुर्घटना घटी। घटना के समय मौके पर छह से सात मजदूर मौजूद थे, जिनमें से तीन से चार मजदूरों के क्रेन के नीचे दबे होने की बात कही जा रही है।

घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई। क्रेन के नीचे फंसे मजदूरों को बाहर निकालने का काम जारी है। कुछ घायलों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसे के बाद निर्माण कार्य को रोक दिया गया है।

जांच जारी, बचाव अभियान में जुटा प्रशासन

पुलिस के अनुसार हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही मजदूरों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद हैं और राहत व बचाव कार्य लगातार जारी है।

https://hindi.news18.com/news/haryana/faridabad-jewar-expressway-crane-accident-under-construction-flyover-local18-10540644.html