साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होगा महाकुंभ
अगले साल के अंत में होने वाले आईसीसी वनडे विश्व कप के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। यह टूर्नामेंट साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में अक्टूबर से नवंबर के बीच आयोजित किया जाएगा। इस बार के मेगा इवेंट में कुल 14 टीमें शिरकत करेंगी। टूर्नामेंट के नियमों के मुताबिक, आईसीसी वनडे रैंकिंग की शीर्ष 8 टीमें सीधे क्वालीफाई करेंगी। मेजबान होने के नाते साउथ अफ्रीका को पहले ही टूर्नामेंट में जगह मिल चुकी है। इसका सीधा मतलब यह है कि रैंकिंग की शीर्ष 9 टीमों को सीधी एंट्री मिलेगी। वर्तमान रैंकिंग पर नजर डालें तो बांग्लादेश की टीम 9वें स्थान पर है, जबकि वेस्टइंडीज इस समय 10वें पायदान पर संघर्ष कर रही है।
वेस्टइंडीज के लिए रैंकिंग में सुधार का बड़ा मौका
दो बार की विश्व कप विजेता टीम वेस्टइंडीज के लिए फिलहाल डायरेक्ट क्वालीफिकेशन हासिल करना बड़ी चुनौती बना हुआ है। हालांकि, आईसीसी ने स्पष्ट किया है कि टीमों का क्वालीफिकेशन 31 मार्च 2027 तक की उनकी रैंकिंग के आधार पर तय होगा। यानी कैरेबियाई टीम के पास अपनी स्थिति बेहतर करने के लिए काफी समय है। इस मिशन को पूरा करने के लिए वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड के बीच 5 वनडे मैचों की एक अहम सीरीज खेली जाएगी। यदि वेस्टइंडीज इस सीरीज में शानदार खेल का प्रदर्शन करती है, तो उनके पास 9वें स्थान तक पहुंचने या उस लक्ष्य के बेहद करीब आने का सुनहरा अवसर होगा।
न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज का कार्यक्रम
इस रोमांचक सीरीज की शुरुआत 11 जुलाई से होगी। सीरीज के दूसरे और तीसरे मैच क्रमशः 13 जुलाई और 16 जुलाई को खेले जाएंगे। इसके बाद आखिरी दो वनडे मुकाबले 19 जुलाई और 21 जुलाई को आयोजित किए जाएंगे। इन पांचों मुकाबलों के नतीजे वेस्टइंडीज की विश्व कप की राह तय करने में निर्णायक साबित हो सकते हैं।
न्यूजीलैंड की टीम का ऐलान, मिचेल सेंटनर को सौंपी कमान
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने इस सीरीज के लिए अपनी टीम की घोषणा कर दी है, जिसकी कमान मिचेल सेंटनर संभालेंगे। टीम में जैकब डफी की लंबे अंतराल के बाद वापसी हुई है। वनडे विश्व कप के नजदीक आने के कारण आगामी समय में एकदिवसीय क्रिकेट का रोमांच और अधिक बढ़ने की उम्मीद है।
न्यूजीलैंड की टीम इस प्रकार है:
- मिचेल सेंटनर (कप्तान)
- माइकल ब्रेसवेल
- मार्क चैपमैन
- क्रिस्टियन क्लार्क
- जैकब डफी
- मैट फिशर
- डीन फॉक्सक्रॉफ्ट
- मिच हे
- निक केली
- टॉम लैथम (विकेट कीपर)
- जेडन लेनोक्स
- डेरिल मिशेल
- हेनरी निकोल्स
- बेन सियर्स
- नाथन स्मिथ
- विल यंग
https://www.indiatv.in/sports/cricket/odi-world-cup-2027-se-pahle-west-indies-aur-new-zealand-ke-beech-hogi-series-2026-07-01-1228403