अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: पुलिस जांच में बड़ा खुलासा, कुंभ के दौरान हुई सबसे ज्यादा सेंधमारी

अयोध्या स्थित राम मंदिर में हुए दान चोरी मामले में पुलिस की तफ्तीश में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। जांच में खुलासा हुआ है कि कुंभ मेले के दौरान मंदिर में सबसे अधिक चोरी की गई थी।

राम मंदिर दान चोरी पर बड़ा खुलासा

अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे में हुई चोरी के मामले को लेकर पुलिस की कार्रवाई तेजी से आगे बढ़ रही है। जांच एजेंसियों को इस मामले में अहम सुराग मिले हैं। पुलिस सूत्रों की मानें तो मंदिर में चढ़ावे की सबसे ज्यादा चोरी कुंभ मेले के दौरान अंजाम दी गई थी। इस मामले में अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि पकड़े गए आरोपियों में से कुछ लोग कुंभ मेले से पहले भी छोटी-मोटी चोरी की घटनाओं में शामिल थे, लेकिन कुंभ के समय मंदिर में दान के रूप में आई भारी धनराशि का फायदा उठाते हुए उन्होंने बड़े पैमाने पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

जीजा-साले की अहम भूमिका

अयोध्या पुलिस की तफ्तीश में यह सामने आया है कि इन 8 आरोपियों ने मिलकर चोरी की पूरी योजना तैयार की थी। इनमें लवकुश मिश्रा और अनुकल्प मिश्रा नामक जीजा-साले की जोड़ी मुख्य भूमिका में थी। पुलिस के मुताबिक, सबसे अधिक चोरी इन्हीं दोनों ने की थी। चोरी की इस रकम से इन दोनों ने बड़े पैमाने पर संपत्ति खरीदी है। पुलिस को इनकी करीब 5 से 6 संपत्तियों के बारे में पुख्ता जानकारी मिली है।

बैंक कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध

आरोपियों की वित्तीय गतिविधियों की बारीकी से जांच करने के लिए अयोध्या पुलिस अब आयकर विभाग की मदद ले रही है। पुलिस ने जेल में बंद आरोपियों से पूछताछ का सिलसिला भी जारी रखा है और जल्द ही इस मामले में बड़ी कार्रवाई की जा सकती है। सूत्रों के अनुसार, इस पूरे मामले में SBI बैंक के कुछ कर्मचारियों की भूमिका भी संदेह के दायरे में है, जिनकी पुलिस गहनता से जांच कर रही है।

https://www.indiatv.in/uttar-pradesh/up-ram-mandir-donation-theft-highest-number-of-theft-occurred-during-prayagraj-kumbh-mela-2026-07-01-1228409