गुलगुले बनाने की विधि
क्या आपने कभी उत्तर प्रदेश और बिहार की प्रसिद्ध देसी मिठाई गुलगुले का स्वाद लिया है? गेहूं के आटे और गुड़ के मेल से बनी यह डिश खाने में जितनी स्वादिष्ट होती है, बनाने में उतनी ही सरल है। ये गुलगुले बाहर से कुरकुरे और अंदर से बेहद नरम और फूले हुए होते हैं, जिन्हें बच्चे और बड़े सभी बहुत चाव से खाते हैं। कुकिंग एक्सपर्ट कविता सिंह, जो Kabita's Kitchen से जुड़ी हैं, ने इस पारंपरिक मिठाई को घर पर बनाने का बेहद आसान तरीका साझा किया है।
गुलगुले बनाने के लिए जरूरी सामग्री
इस रेसिपी को तैयार करने के लिए आपको रसोई में मिलने वाली कुछ बुनियादी चीजों की आवश्यकता होगी:
- 2 कप गेहूं का आटा
- 3/4 कप गुड़
- 1 बड़ा चम्मच सौंफ
- 1/2 छोटा चम्मच इलायची पाउडर
- 2 चुटकी बेकिंग सोडा
- कुकिंग ऑयल (तलने के लिए)
बनाने की चरणबद्ध प्रक्रिया
पहला स्टेप: सबसे पहले एक कड़ाही में 3/4 कप गुड़ लें और उसे धीमी आंच पर पिघला लें। गुड़ अच्छी तरह पिघलने के बाद इसमें आधा कप पानी मिलाएं और इसे थोड़ी देर चलाएं। जब मिश्रण थोड़ा गाढ़ा हो जाए, तो आंच बंद कर दें।
दूसरा स्टेप: अब एक बड़े बर्तन में 2 कप गेहूं का आटा निकालें। गुड़ वाले पानी को पहले ठंडा होने दें, फिर उसे धीरे-धीरे आटे में मिलाएं। इस दौरान घोल को अच्छी तरह मैश करते हुए तैयार करें। ध्यान रखें कि पानी एक साथ न डालें, बल्कि धीरे-धीरे डालकर इसे मिलाएं ताकि गुठलियां न बनें।
तीसरा स्टेप: बैटर की कंसिस्टेंसी इडली या डोसे के घोल जैसी होनी चाहिए। जब मिश्रण एकदम चिकना और स्मूथ हो जाए, तो इसमें सौंफ और इलायची पाउडर डालकर अच्छे से मिलाएं। गुलगुलों को नरम और फूला हुआ बनाने के लिए इसमें 2 चुटकी बेकिंग सोडा डालें। सोडा मिलाने के बाद बैटर को 15 से 20 मिनट के लिए ढककर रख दें।
चौथा स्टेप: अंत में, एक कड़ाही में पर्याप्त तेल गर्म करें। जब तेल अच्छी तरह से गर्म हो जाए, तो उसमें थोड़ा-थोड़ा घोल डालते जाएं। मध्यम आंच पर इन्हें सुनहरा होने तक डीप फ्राई करें। आपके गरमा-गरम और स्वादिष्ट गुलगुले बनकर पूरी तरह तैयार हैं। आप इन्हें अपने परिवार के साथ चाय या नाश्ते में आनंद ले सकते हैं।
https://www.indiatv.in/lifestyle/recipes/make-soft-and-fluffy-gulgule-using-wheat-flour-and-jaggery-this-sweet-is-popular-in-up-and-bihar-here-is-the-recipe-2026-06-30-1228329