महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव: महायुति के 6 उम्मीदवार निर्विरोध विजयी, बाकी 11 सीटों पर 18 जून को मतदान

महाराष्ट्र विधान परिषद की 17 सीटों के चुनाव में महायुति के 6 प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए, जबकि शेष 11 सीटों पर 18 जून को वोट डाले जाएंगे। महाविकास अघाड़ी को नामांकन वापसी के चलते झटका लगा है।

महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव: महाराष्ट्र विधान परिषद की 17 सीटों के लिए हो रहे चुनाव में सत्ताधारी महायुति ने मतदान से पहले ही बढ़त हासिल कर ली है। गठबंधन के उम्मीदवार 6 सीटों पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिए गए हैं, जबकि शेष 11 सीटों के लिए 18 जून को मतदान कराया जाएगा। वहीं विपक्षी महाविकास अघाड़ी को चुनाव से पहले ही बड़ा झटका लगा है, क्योंकि उसके कई प्रत्याशियों ने अपने नामांकन वापस ले लिए।

निर्विरोध निर्वाचित होने वाले 6 उम्मीदवार

जिन 6 सीटों पर महायुति के प्रत्याशी बिना मुकाबले के विजयी रहे, उनका ब्योरा इस प्रकार है—

  • वर्धा-गढ़चिरौली-चंद्रपुर: अरुण लाखानी (भाजपा)
  • पुणे: विक्रम काकड़े (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी – अजित पवार गुट)
  • ठाणे: रवींद्र फाटक (शिवसेना – शिंदे गुट)
  • रायगढ़-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग: अनिकेत तटकरे (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी – अजित पवार गुट)
  • यवतमाल: दुष्यंत चतुर्वेदी (शिवसेना – शिंदे गुट)
  • अहिल्यानगर: प्राजक्त तनपुरे (भाजपा)

इन 11 सीटों पर होगा मुकाबला

बाकी बची 11 सीटों पर अलग-अलग दलों के बीच सीधी टक्कर होगी। इन सीटों का समीकरण इस तरह है—

  • छत्रपति संभाजीनगर: सुहास शिरसाट (भाजपा) बनाम गणेश लोखंडे (निर्दलीय)
  • नासिक: नरेंद्र दराडे (शिवसेना – शिंदे गुट) बनाम गोकुल गीते (भाजपा बागी)
  • सोलापुर: राजेंद्र राउत (भाजपा) बनाम वसंत देशमुख (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी – शरद पवार गुट)
  • नांदेड़: अमर राजूरकर (भाजपा) बनाम कृष्णा आष्टीकर (महाविकास आघाड़ी समर्थित)
  • नागपुर: राजू पोद्दार (भाजपा) बनाम अतुल लोंढे (कांग्रेस)
  • सांगली-सातारा: धैर्यशील कदम (भाजपा) बनाम अभयसिंह जगताप (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी – शरद पवार गुट)
  • धाराशिव: बसवराज पाटिल (भाजपा) बनाम महेश देशमुख (कांग्रेस)
  • जलगांव: नंदकिशोर महाजन (भाजपा) बनाम शरद तायडे (शिवसेना – उद्धव ठाकरे गुट) बनाम रेश्मा काले (शिंदे गुट की बागी उम्मीदवार)
  • परभणी: सईद खान (शिवसेना – शिंदे गुट) बनाम विवेक नावंदर (शिवसेना – उद्धव ठाकरे गुट)
  • भंडारा-गोंदिया: अविनाश ब्राह्मणकर (भाजपा) बनाम नरेश ईश्वरकर (निर्दलीय) बनाम सचिन कुंभलकर (निर्दलीय)
  • अमरावती: प्रवीण पोटे-पाटिल (भाजपा) बनाम हर्षजीत देशमुख (कांग्रेस)

नासिक और जलगांव में बागियों ने बढ़ाई परेशानी

महायुति के 6 उम्मीदवारों के निर्विरोध जीतने से सत्तारूढ़ गठबंधन को मनोवैज्ञानिक रूप से मजबूती मिली है। हालांकि नासिक और जलगांव में अपने ही पाले से उतरे बागी उम्मीदवारों ने गठबंधन की राह कठिन बना दी है। ऐसे में 18 जून को होने वाले मतदान में शेष 11 सीटों पर राजनीतिक दलों की असली ताकत की परख होगी।

विधान परिषद में जनता सीधे नहीं चुनती प्रतिनिधि

उल्लेखनीय है कि विधान परिषद के चुनाव में जनता अपने प्रतिनिधियों को सीधे नहीं चुनती। इसमें सदस्यों का चुनाव अप्रत्यक्ष रूप से होता है, यानी आम नागरिकों के बजाय जनता के चुने हुए जनप्रतिनिधि और कुछ विशेष वर्ग के लोग सिंगल ट्रांसफरेबल वोट (Single Transferable Vote) के जरिए विधान परिषद के सदस्यों का चयन करते हैं।

https://www.indiatv.in/maharashtra/maharashtra-legislative-council-election-bjp-mahayuti-six-candidates-win-unopposed-2026-06-04-1223042