सड़क निर्माण से ग्रामीणों में खुशी
चित्रकूट जिले के मानिकपुर विकासखंड में रहने वाले ग्रामीणों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लंबे समय से सड़क सुविधा से वंचित महुआ पुरवा से जीरा गांव तक अब पक्की सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। इसके साथ ही गुइया संपर्क मार्ग से मेंदुलिया गांव को जोड़ने वाली सड़क का भी निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया है। इस पूरी परियोजना पर सरकार द्वारा 4.12 करोड़ रुपये की लागत व्यय की जाएगी। इन सड़कों के बनने से ग्रामीणों को मुख्य मार्ग तक पहुंचने के लिए अब किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
बीते 50 सालों से थी बदहाली
स्थानीय निवासी सत्यपाल ने बताया कि यह क्षेत्र पिछले 50 साल से बदहाल स्थिति में था। बरसात के मौसम में स्थिति इतनी विकट हो जाती थी कि पूरे रास्ते में घुटनों तक पानी और कीचड़ भर जाता था। उन्होंने बताया कि बारिश के दिनों में बीमार व्यक्तियों को अस्पताल तक ले जाने के लिए चारपाई का सहारा लेना पड़ता था। महिलाओं, बुजुर्गों और छोटे बच्चों का इस रास्ते से निकलना दूभर हो जाता था, लेकिन अब इस नई सड़क के निर्माण से स्थानीय लोगों का जीवन काफी सुगम हो जाएगा।
https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/chitrakoot-road-construction-manikpur-block-mahua-purwa-to-jeera-local18-10616839.html