निशांत कुमार ने संभाला नया सरकारी आवास
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री और जनता दल यूनाइटेड यानी जेडीयू के नेता निशांत कुमार ने सोमवार को पटना के वीआईपी इलाके में स्थित पांच देशरत्न मार्ग पर बने अपने नए सरकारी आवास में आधिकारिक रूप से प्रवेश कर लिया है। राज्य के भवन निर्माण विभाग ने स्वास्थ्य मंत्री को यह बंगला आवंटित किया था, जिसके बाद उन्होंने विधिवत रूप से यहां रहना शुरू कर दिया है। यह बंगला लंबे समय से राज्य के उपमुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास के रूप में पहचाना जाता रहा है। यही कारण है कि मंत्री के इस बंगले में शिफ्ट होने के बाद से बिहार की राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
गृह प्रवेश के दौरान मौजूद रहे नीतीश कुमार
इस अवसर पर मंत्री निशांत कुमार ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि सोमवार को उनके नए आवास पर गृह प्रवेश का एक सादा समारोह आयोजित किया गया था। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में सत्यनारायण भगवान की पूजा की गई। इस खास मौके पर उनके पिता और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत परिवार के अन्य नजदीकी सदस्य मौजूद रहे। पूजा-अर्चना के साथ ही अब मंत्री ने आधिकारिक तौर पर अपना नया ठिकाना संभाल लिया है।
वीआईपी आवास का राजनीतिक महत्व
पटना का पांच देशरत्न मार्ग हमेशा से ही बिहार की राजनीति का एक अहम केंद्र रहा है। यह सरकारी बंगला कई दिग्गज नेताओं का आशियाना रह चुका है। हालिया समय की बात करें तो यह आवास उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास था। इसके पहले, जब राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव राज्य के उपमुख्यमंत्री पद पर आसीन थे, तब वह भी इसी बंगले में रहा करते थे। इस बंगले के इतिहास और इसके राजनीतिक महत्व को देखते हुए निशांत कुमार का यहां आना कई राजनीतिक संदेश दे रहा है।
राजनीति में निशांत की सक्रिय भूमिका
इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने वाले और आध्यात्मिकता की ओर झुकाव रखने वाले निशांत कुमार का नाम पहले सक्रिय राजनीति से दूर ही माना जाता था। हालांकि, स्वास्थ्य मंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभालकर उन्होंने बिहार की राजनीति में एक बड़ी और सीधी एंट्री ली है। इससे पहले ऐसी खबरें भी सामने आई थीं कि उन्होंने मंत्री पद स्वीकार करने में हिचकिचाहट दिखाई थी क्योंकि वे सबसे पहले खुद को एक जमीनी पार्टी कार्यकर्ता के रूप में स्थापित करना चाहते थे। बहरहाल, अब उनके नए सरकारी आवास में शिफ्ट होने के साथ ही उनकी राजनीतिक सक्रियता और बढ़ गई है।
https://www.indiatv.in/bihar/5-deshratna-marg-in-patna-has-become-health-minister-nishant-kumars-new-residence-sparking-buzz-in-political-circles-2026-06-29-1228091