घर पर रेस्टोरेंट जैसा चिली पनीर बनाना है? जान लें पूरी सामग्री और आसान तरीका

चिली पनीर का स्वाद ज़्यादातर लोगों को भाता है, लेकिन घर पर अक्सर वो होटल वाला टेस्ट नहीं आ पाता। सही सामग्री और सात आसान स्टेप्स की मदद से आप भी बना सकते हैं बाज़ार जैसा लाजवाब चिली पनीर।

चिली पनीर एक ऐसी डिश है जो बच्चों से लेकर बड़ों तक, लगभग हर किसी की पसंदीदा होती है। मगर दिक्कत तब आती है जब इसे घर पर बनाया जाता है और रेस्टोरेंट जैसा स्वाद नहीं मिल पाता। असल में होटल स्टाइल चिली पनीर तैयार करने के लिए यह जानना ज़रूरी है कि इसमें कौन-कौन सी सामग्री पड़ती है। अगर एक-दो मसाले भी छूट जाएं तो पूरे व्यंजन का ज़ायका बिगड़ सकता है। तो आइए जानते हैं कि चिली पनीर बनाने के लिए किन चीज़ों की आवश्यकता होती है और इसे किस तरह तैयार किया जाता है।

चिली पनीर के लिए ज़रूरी सामग्री

इसे बनाने के लिए आपको मैदा, कॉर्न स्टार्च, नमक, पनीर, तेल, अदरक, लहसुन, लाल मिर्च, सेलेरी, प्याज, शिमला मिर्च, सोया सॉस, ग्रीन चिली सॉस, चीनी और स्प्रिंग अनियन जैसी चीज़ों की ज़रूरत पड़ेगी।

किस सामग्री की कितनी मात्रा चाहिए

बैटर के लिए

  • 2 बड़े चम्मच मैदा
  • 1 बड़ा चम्मच कॉर्न स्टार्च
  • एक चुटकी नमक
  • ¼ कप पानी
  • 1 बड़ा चम्मच कॉर्न स्टार्च (पनीर की कोटिंग के लिए)
  • 250 ग्राम पनीर, टुकड़ों में कटा हुआ
  • तलने के लिए तेल

चिली पनीर सॉस के लिए

  • 1 बड़ा चम्मच तेल
  • 1 बड़ा चम्मच अदरक, बारीक कटा हुआ
  • 1 बड़ा चम्मच लहसुन, बारीक कटा हुआ
  • 2 सूखी लाल मिर्च
  • 1 बड़ा चम्मच सेलेरी
  • चार टुकड़ों में कटा हुआ 1 प्याज
  • टुकड़ों में कटा हुआ 1 छोटा शिमला मिर्च
  • 1 बड़ा चम्मच सोया सॉस
  • 1 बड़ा चम्मच ग्रीन चिली सॉस
  • 1 छोटा चम्मच चीनी
  • 1 बड़ा चम्मच कॉर्न फ्लोर
  • मुट्ठी भर स्प्रिंग अनियन

चिली पनीर बनाने की विधि

  • पहला स्टेप: पनीर की कोटिंग तैयार करने के लिए एक बाउल में मैदा, कॉर्न फ्लोर, नमक और पानी डालें और इन सबको अच्छी तरह मिला लें।

  • दूसरा स्टेप: इसके बाद पनीर के टुकड़ों पर हल्का-सा कॉर्न स्टार्च छिड़ककर उन्हें अच्छी तरह लपेट लें। अब इन टुकड़ों को बैटर में डालकर इस तरह मिलाएं कि हर टुकड़ा पूरी तरह कोट हो जाए।

  • तीसरा स्टेप: अब कोट किए हुए पनीर के टुकड़ों को हल्का सुनहरा होने तक डीप फ्राई करें। तलने के बाद इन्हें टिशू पेपर पर निकाल लें, ताकि अतिरिक्त तेल अच्छी तरह सोख लिया जाए।

  • चौथा स्टेप: एक पैन में तेल गरम करें और उसमें अदरक, लहसुन, लाल मिर्च और सेलेरी डालकर कुछ मिनट तक भून लें।

  • पांचवां स्टेप: अब इसमें प्याज और शिमला मिर्च मिलाएं और जैसे ही प्याज हल्का ब्राउन हो जाए, सोया सॉस डालकर अच्छी तरह मिला दें।

  • छठा स्टेप: इसके बाद ग्रीन चिली सॉस और स्वीट एंड सॉर सॉस डालकर मिलाएं। अब थोड़ा-सा पानी और चीनी डालें और इसे तब तक पकाएं जब तक चीनी पूरी तरह घुल न जाए।

  • सातवां स्टेप: अब थोड़े-से पानी में कॉर्न फ्लोर घोलकर इसमें मिला दें और सॉस को गाढ़ा होने तक पकाएं। आखिर में तले हुए पनीर के टुकड़े और स्प्रिंग अनियन डालकर अच्छी तरह मिलाएं, ऊपर से स्प्रिंग अनियन से गार्निश करें और गरमागरम परोसें।

https://www.indiatv.in/lifestyle/recipes/which-ingredients-needed-to-make-chili-paneer-note-the-recipe-process-2026-06-04-1222952