घर में बढ़ गई कॉकरोच की संख्या? इन देसी उपायों से तुरंत मिलेगी राहत

रसोई और घर के कोनों में पनपते कॉकरोच से छुटकारा पाने के लिए बोरेक्स पाउडर, बेकिंग सोडा और नीम-लौंग के स्प्रे जैसे आसान घरेलू नुस्खे बेहद कारगर हैं। साथ में सफाई और साफ-सफाई की कुछ आदतें इन्हें दोबारा लौटने से रोकती हैं।

अगर आपके घर में भी कॉकरोच ने डेरा जमा लिया है और उनसे आप परेशान हो चुके हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है। कुछ सरल घरेलू नुस्खों की मदद से इन्हें रसोई और घर के कोनों से आसानी से बाहर किया जा सकता है। आइए जानते हैं वे असरदार उपाय कौन-से हैं।

कॉकरोच भगाने के असरदार घरेलू नुस्खे

  • बोरेक्स पाउडर का इस्तेमाल: कॉकरोच को खत्म करने में बोरेक्स पाउडर काफी कारगर माना जाता है। एक बाउल में दो चम्मच बोरेक्स पाउडर और एक चम्मच चीनी डालकर दोनों को अच्छी तरह मिला लें। इस मिश्रण को घर के उन कोनों और जगहों पर छिड़कें जहां कॉकरोच अक्सर दिखते हैं। चीनी की महक से कॉकरोच बाहर आते हैं और इस पाउडर को चखते ही उनका सफाया हो जाता है।

  • बेकिंग सोडा का इस्तेमाल: अगर घर में बोरेक्स पाउडर मौजूद नहीं है, तो कॉकरोच भगाने के लिए बेकिंग सोडा भी अपनाया जा सकता है। एक बाउल में दो चम्मच बेकिंग सोडा और एक चम्मच चीनी मिलाएं। इस मिश्रण को बेडरूम के कोनों, सिंक के नीचे और किचन की कैबिनेट के आसपास छिड़कें। चीनी की खुशबू कॉकरोच को बाहर खींच लाती है और बेकिंग सोडा उनके लिए जहर का काम करता है।

  • नीम और लौंग का स्प्रे: एक कप पानी में नीम की कुछ पत्तियां और लौंग का पाउडर डालकर उबाल लें। जब पानी आधा रह जाए तो गैस बंद कर दें। अब इस पानी को छानकर एक स्प्रे बोतल में भर लें। दीवार के नीचे जहां दरारें हों, वहां इस घोल का छिड़काव करें। इसकी तेज महक कॉकरोच के लिए जहर के समान होती है।

कॉकरोच से बचने के लिए इन बातों का भी रखें ध्यान

  • घर में कॉकरोच की भीड़ न जुटे, इसके लिए रात का बचा हुआ खाना ढककर फ्रिज में रखें। साथ ही किचन के सिंक में जूठे बर्तन जमा न होने दें।

  • अगर घर की दीवारों में छोटे-छोटे छेद या दरारें बन गई हैं, तो उन्हें सिलिकॉन या स्प्रे फोम से बंद कर दें। ऐसा करने पर कॉकरोच बाहर नहीं निकल पाएंगे।

  • घर की साफ-सफाई का खास ख्याल रखें। साफ-सफाई और हाइजीन की अनदेखी करने पर भी घर में कॉकरोच आसानी से पनप सकते हैं।

https://www.indiatv.in/lifestyle/features/try-these-home-remedies-to-get-rid-of-cockroaches-from-home-2026-06-04-1223013