इस साल की शुरुआत में ही प्राइम वीडियो ने अपनी आने वाली फिल्मों और वेब सीरीज की सूची सामने रख दी थी, जिसमें TVF की कई फिल्में और सीरीज शामिल थीं। 'पंचायत', 'एस्पिरेंट्स' और 'ग्राम चिकित्सालय' जैसी कामयाब सीरीज भी इसमें गिनाई गई थीं। 'एस्पिरेंट्स' का नया सीजन तो पहले ही दर्शकों तक पहुंच चुका है, और अब 'पंचायत' की वापसी से पहले 'ग्राम चिकित्सालय' को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। मेकर्स ने आज इसकी रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है। 7.1 IMDb रेटिंग वाली यह वेब सीरीज वापसी के लिए पूरी तरह तैयार है। अब तक इसका एक सफल सीजन आ चुका है, जिसमें 5 एपिसोड्स थे, और अब सबकी निगाहें दूसरे सीजन पर टिकी हैं।
कब रिलीज होगी सीरीज?
प्राइम वीडियो ने आज दर्शकों की प्रतीक्षा पर विराम लगाते हुए 23 जून को सीरीज की रिलीज की तारीख तय कर दी है। ललितम तिवारी के निर्देशन में बनी 'ग्राम चिकित्सालय' को द वायरल फीवर ने प्रोड्यूस किया है, जबकि इसकी कहानी वैभव सुमन और श्रेया श्रीवास्तव ने लिखी है। भठकंडी नाम के एक काल्पनिक गांव की पृष्ठभूमि पर बुनी गई यह दिल छू लेने वाली कॉमेडी-ड्रामा सीरीज इस बार भी 5 एपिसोड्स में आने की चर्चा है। हंसी-मजाक और भावनाओं से भरे अपने सफर के जरिए यह सीरीज देश के गांवों में स्वास्थ्य सेवा की कड़वी हकीकतों को सामने लाएगी। साथ ही गांव के लोगों के जुझारूपन, उनके प्यार और उनके अनूठे अंदाज को भी इसमें बखूबी पेश किया गया है।
कौन-कौन है कास्ट में?
'ग्राम चिकित्सालय' में अमोल पाराशर, आकाश मखीजा, आनंदेश्वर द्विवेदी, विनय पाठक, आकांक्षा रंजन कपूर और गरिमा विक्रांत सिंह एक बार फिर अपने-अपने किरदारों में लौट रहे हैं। वहीं इस सीजन में दिनेश लाल यादव भी एक अहम भूमिका में नजर आएंगे। नया सीजन भारत के साथ-साथ दुनिया भर के 240 देशों एवं क्षेत्रों में 23 जून को सिर्फ प्राइम वीडियो पर हिंदी में प्रीमियर होगा।
कैसी होगी कहानी?
पहला सीजन जहां समाप्त हुआ था, कहानी ठीक वहीं से आगे बढ़ती है। इस नए सीजन में भी डॉ. प्रभात (अमोल पाराशर) का सफर जारी रहता है, जो भठकंडी के एक बदहाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को दोबारा पटरी पर लाने के मिशन में जुटे हैं। शुरुआती शक के बावजूद वे गांव वालों का भरोसा तो धीरे-धीरे जीत लेते हैं, लेकिन उनकी जिंदगी की मुश्किलें थमने का नाम नहीं लेतीं। इस बार कहानी में सिद्धांतों और कड़वी हकीकत के बीच के तीखे टकराव को दिखाने की कोशिश की गई है। डॉ. प्रभात को इस बार यह एहसास होगा कि गांव के अस्पताल को चलाने के लिए सिर्फ डॉक्टरी की पढ़ाई काफी नहीं है, बल्कि कई दूसरी योजनाओं पर भी ध्यान देना जरूरी होता है।
क्या कहते हैं मेकर्स?
इस मौके पर प्राइम वीडियो इंडिया के डायरेक्टर और कंटेंट लाइसेंसिंग हेड मनीष मेघानी ने कहा, 'दर्शकों की पसंद धीरे-धीरे बदल रही है और हमने महसूस किया है कि अब उन्हें सिर्फ शहरों की नहीं, बल्कि गांव की मिट्टी से जुड़ी कहानियां भी खूब भा रही हैं। ग्राम चिकित्सालय ने रोजमर्रा के आम जीवन को दिखाने वाली कहानी और दिल को छू लेने वाली भावनाओं के जरिए इसी ट्रेंड को दर्शकों के सामने रखा है। पहले सीजन को मिले जबरदस्त प्यार के बाद, गांव की कहानी कहने वाले इस कॉमेडी-ड्रामा का अगला भाग दर्शकों तक लाते हुए हमें बेहद खुशी हो रही है।'
https://www.indiatv.in/entertainment/ott/gram-chikitsalaya-2-release-date-final-before-release-of-panchayat-dr-prabhat-of-bhatkandi-will-be-back-2026-06-04-1222978