गूगल ने जीवित गायक स्वरूप खान को बता दिया मृत, सिंगर ने खुद तोड़ी चुप्पी- 'अभी हम जिंदा हैं'

राजस्थानी लोक गायक स्वरूप खान को गूगल ने अपने इन्फॉर्मेशन पेज पर गलती से मृत दिखा दिया, जिसके बाद उनकी मौत की अफवाहें सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गईं। सिंगर ने खुद सामने आकर स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए इन खबरों को सिरे से खारिज कर दिया।

राजस्थान के जाने-माने लोक गायक स्वरूप खान इन दिनों एक अजीबोगरीब स्थिति में फंस गए, जब गूगल ने अपने इन्फॉर्मेशन पेज पर उन्हें मृत बता दिया। इसके बाद उनकी मौत से जुड़ी अफवाहें सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गईं। हालांकि गायक ने खुद सामने आकर इन तमाम अटकलों पर पूर्ण विराम लगा दिया। यह कोई पहला मौका नहीं है जब किसी सेलिब्रिटी की मौत की झूठी खबर वायरल हुई हो, लेकिन अब इस फेहरिस्त में स्वरूप खान का नाम भी शामिल हो गया है। गायक ने गूगल लिस्टिंग का एक स्क्रीनशॉट साझा किया, जिसमें गलती से उनकी मृत्यु की तारीख 2 जून, 2026 दर्ज कर दी गई थी।

गायक ने खुद दिया करारा जवाब

स्वरूप खान ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वह स्क्रीनशॉट पोस्ट किया और कैप्शन में लिखा 'अभी हम जिंदा हैं', साथ में एक हंसने वाला इमोजी लगाया और गूगल इंडिया को भी टैग किया। सोशल मीडिया पर शेयर होते ही यह पोस्ट तेजी से वायरल हो गई। प्रशंसकों ने राहत की सांस ली कि मौत की खबर पूरी तरह से गलत थी। एक ओर जहां कई लोगों ने कमेंट में उनके सही-सलामत होने पर खुशी जताई, वहीं दूसरी ओर कुछ यूजर्स ने गूगल की इस लापरवाही पर तीखे सवाल खड़े किए।

आखिर कहां से उठी अफवाह

स्वरूप खान को इस पूरे मामले की जानकारी तब हुई, जब उन्होंने अपने बारे में 2 जून को सामने आई ऐसी खबरें पढ़ीं। इन खबरों में दावा किया गया था कि राजस्थान के जैसलमेर जिले में आए एक भयंकर धूल भरे तूफान के दौरान एक रिजॉर्ट की दीवार गिरने से स्वरूप खान की जान चली गई। PTI के मुताबिक पुलिस ने बताया कि जिला मुख्यालय से करीब 45 किलोमीटर दूर स्थित सैम टूरिस्ट इलाके के एक रिसॉर्ट की दीवार सोमवार देर रात तेज हवाओं के चलते गिर गई, जिसमें कई लोग घायल हुए।

रिसॉर्ट मालिक बारोच खान ने बताई हकीकत

PTI की रिपोर्ट के अनुसार 25 वर्षीय इस लोकप्रिय गायक ने उसी शाम उसी स्थान पर अपनी प्रस्तुति दी थी। तूफान के दौरान मंच के पीछे बनी कंक्रीट की दीवार ढह गई, जिससे यह हादसा हुआ। इस घटना पर बात करते हुए हेरिटेज जुमा रिसॉर्ट के मालिक बारोच खान ने बताया कि जिस समय दीवार गिरी, उस वक्त शाम के सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए वहां करीब 40 मेहमान मौजूद थे।

कौन हैं स्वरूप खान

बारिसियाला गांव से ताल्लुक रखने वाले लोक गायक स्वरूप खान फिल्म PK के सुपरहिट गीत 'ठरकी छोकरो' और 'पद्मावत' के 'घूमर' जैसे गानों को अपनी आवाज देने के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने इंडियन आइडल में भी शिरकत की थी। उन्हें अपना पहला बॉलीवुड ब्रेक तब मिला, जब संगीतकार बप्पी लहिरी ने उन्हें फिल्म 'इमोशनल अत्याचार' का टाइटल ट्रैक गाने का अवसर दिया।

https://www.indiatv.in/entertainment/bollywood/google-declared-the-living-singer-swaroop-khan-dead-but-he-clarify-abhi-hum-zinda-hain-2026-06-04-1223021