बदल गया लालू परिवार का पता
बिहार की राजनीति में दशकों तक पावर सेंटर रहे 10, सर्कुलर रोड स्थित सरकारी बंगले से अब राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी विदा हो चुके हैं। लंबे समय तक इस आवास का उपयोग करने के बाद अब यह बंगला खाली किया जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से इस बंगले को पूरी तरह खाली करने की प्रक्रिया जोर-शोर से जारी थी।
यह बदलाव हालिया सरकारी फैसलों के बाद हुआ है। राज्य सरकार द्वारा लालू परिवार की सुरक्षा में कटौती करने के साथ ही राबड़ी देवी को 10, सर्कुलर रोड वाला बंगला खाली करने का औपचारिक नोटिस भी थमाया गया था। इसके बाद आज भारी संख्या में पिकअप गाड़ियों के जरिए घर का सारा जरूरी सामान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के 1, पोलो रोड स्थित सरकारी आवास और उनके अन्य निजी ठिकानों पर शिफ्ट किया जा रहा है।
क्यों खाली करना पड़ा यह बंगला?
इस बंगले को छोड़ने के पीछे की मुख्य वजह बिहार सरकार का भवन निर्माण विभाग है, जिसने राबड़ी देवी को इस आवास को खाली करने के लिए 22 जून को अंतिम चेतावनी के तौर पर 7 दिनों का समय दिया था। अब इस सरकारी बंगले का आवंटन नीतीश कुमार कैबिनेट के मंत्री नंद किशोर राम को कर दिया गया है।
इससे पहले राज्य सुरक्षा समिति की सिफारिश के आधार पर लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की Z+ श्रेणी की सुरक्षा हटा ली गई थी, वहीं तेज प्रताप यादव की Y श्रेणी की सुरक्षा भी वापस ले ली गई थी। इस फैसले के विरोध में लालू-राबड़ी ने सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई बाकी सुरक्षा को भी स्वेच्छा से वापस कर दिया था। इस पूरे घटनाक्रम पर लालू यादव ने मीडिया से बात करते हुए साफ तौर पर नीतीश कुमार पर निशाना साधा और कहा कि यह सब नीतीश कुमार के इशारे पर हो रहा है।
अब कहां रहेगा लालू परिवार?
राबड़ी देवी 2006 से ही 10, सर्कुलर रोड स्थित इस बंगले में रह रही थीं। उन्हें यह आवास बिहार विधानसभा और बाद में बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी निभाने के दौरान आवंटित किया गया था। पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव भी एक लंबे अरसे से इसी घर में निवास कर रहे थे।
भवन निर्माण विभाग ने हालांकि राबड़ी देवी को नेता प्रतिपक्ष की हैसियत के आधार पर 39, हार्डिंग रोड पर एक नया बंगला आवंटित किया है। लेकिन, लालू यादव की स्वास्थ्य स्थितियों को ध्यान में रखते हुए परिवार ने कुछ अतिरिक्त सुविधाओं की मांग रखी है। अभी के लिए सारा सामान तेजस्वी यादव के 1, पोलो रोड स्थित सरकारी आवास और कौटिल्या नगर वाले निजी बंगले में पहुंचाया जा रहा है।
https://www.indiatv.in/bihar/rabri-devi-vacated-10-circular-road-bungalow-and-shifted-to-her-son-tejashwi-residence-along-with-lalu-yadav-2026-06-29-1227994